Ishan Kishan

IND vs NZ: ईशान किशन ने तोड़ा अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड, ताबड़तोड़ अर्धशतक ठोक रच दिया इतिहास

IND vs NZ 2nd T20I, Ishan Kishan Record: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने बल्ले से तबाही मचा दी है. 2 साल बाद टीम इंडिया में लौटे ईशान ने कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी और सिर्फ 21 गेंदों पर तूफानी अर्धशतक ठोक दिया. इसी के साथ ईशान ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. ईशान अब न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक ठोकने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

ईशान किशन ने ठोका धमाकेदार अर्धशतक

209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सिर्फ 6 रन के स्कोर पर दो बड़े विकेट गिर गए. अभिषेक शर्मा खाता भी नहीं खोल सके, जबकि संजू सैमसन सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद नंबर-3 पर उतरे ईशान किशन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर पारी को संभाला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 21 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया.

ईशान ने कीवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और सिर्फ 32 गेंदों पर 76 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 11 चौके और 4 छक्के जड़े. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.50 का रहा. उन्होंने कप्तान सूर्या के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों पर 112 रनों की शानदार साझेदारी की. हालांकि, वह शतक लगाने से चूक गए.

ईशान ने तोड़ा अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड

वहीं, इस धमाकेदार अर्धशतक के साथ ईशान किशन ने इतिहास रच दिया है. ईशान अब न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में ही 22 गेंदों पर पचासा जड़ा था. लेकिन अब ईशान ने सिर्फ 21 गेंदों पर फिफ्टी लगाकर ये रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

T20I में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी

  • ईशान किशन – 21 गेंदें
  • अभिषेक शर्मा – 22 गेंदें
  • केएल राहुल – 23 गेंदें
  • रोहित शर्मा – 23 गेंदें

ये भी पढ़ें- हार्दिक पांड्या ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड, T20I में ऐसा करने वाले बने दूसरे भारतीय