IND vs NZ 2nd T20I, Team India Records: भारतीय क्रिकेट टीम ने रायपुर में खेले गए न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में ऐतिहासिक जीत दर्ज की. इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 209 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था, जिसे टीम इंडिया ने सिर्फ 15.2 ओवर में 3 विकेट पर हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया.
कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारत को 7 विकेट से धमाकेदार जीत दिला दी. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने टी20 इंटरनेशनल में इतिहास रच दिया और पाकिस्तान के एक बड़े रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.
भारत ने T20I में सबसे तेज 200+ रन चेज कर रचा इतिहास
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20I मैच में 209 रनों के बड़े लक्ष्य को सिर्फ 15.2 ओवर में 3 विकेट खोकर मैच जीत लिया. इस जीत के साथ ही भारत ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट फुल मेंबर्स टीमों के बीच में 200+ रन का लक्ष्य सबसे कम गेंदों में हासिल करने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. भारत ने यह मैच 28 गेंदें शेष रहते जीता और इसी के साथ पाकिस्तान का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
पाकिस्तान ने साल 2025 में ऑकलैंड में खेले गए टी20I मैच में 205 रनों के टारगेट को 24 गेंद शेष रहते हुए हासिल किया था. लेकिन अब टीम इंडिया ने पाकिस्तान के इस रिकॉर्ड को ध्वस्त करके नया इतिहास रच दिया है. भारत की जीत में ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अहम भूमिका निभाई. ईशान ने 32 गेंदों पर 76 रन ठोके, तो वहीं कप्तान सूर्या ने 37 गेंदों पर नाबाद 82 रन रनों की पारी खेली.
T20I में 200+ रन चेज करते हुए सबसे बड़ी जीत
- भारत vs न्यूजीलैंड, रायपुर 2026 – 28 गेंद शेष (लक्ष्य: 209)
- पाकिस्तान vs न्यूजीलैंड, ऑकलैंड 2025 -24 गेंद शेष (लक्ष्य: 205)
- ऑस्ट्रेलिया vs वेस्टइंडीज, बासेटेरे 2025 – 23 गेंद शेष (लक्ष्य: 215)
- साउथ अफ्रीका vs वेस्टइंडीज, जोहांसबर्ग 2007 – 14 गेंद शेष (लक्ष्य: 206)
भारत की सबसे बड़ी टी20 रन चेज
इतना ही नहीं, यह टी20 इंटरनेशनल में भारत की अब तक की सबसे बड़ी सफल रन चेज है. इससे पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और श्रीलंका जैसी टीमों के खिलाफ भी बड़े लक्ष्य हासिल किए हैं.
भारत की सबसे बड़ी सफल टी20I चेज
- 209 रन बनाम न्यूजीलैंड, रायपुर (2026)
- 209 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, विशाखापट्टनम (2023)
- 208 रन बनाम वेस्टइंडीज, हैदराबाद (2018)
- 207 रन बनाम श्रीलंका, मोहाली (2009)
- 204 रन बनाम न्यूजीलैंड, ऑकलैंड (2020)
- 202 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, राजकोट (2013)
200+ रन सबसे ज्यादा बार चेज करने वाली टीमें
इसके अलावा, टी20 इंटरनेशनल में 200 से ज्यादा का लक्ष्य सबसे ज्यादा बार सफलतापूर्वक चेज करने के मामले में भारत अब दूसरे नंबर पर पहुंच गया है. टीम इंडिया ने टी20I में अब तक 6 बार ये कारनामा किया है. इस लिस्ट में भारत से आगे सिर्फ ऑस्ट्रेलिया है, जिसने अब तक टी20I में कुल 7 बार 200+ रन चेज किया है.
- ऑस्ट्रेलिया – 7 बार
- भारत – 6 बार
- साउथ अफ्रीका – 5 बार
- पाकिस्तान – 4 बार
- इंग्लैंड – 3 बार

