Indian Women Cricket Team: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया के लिए आगामी एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय महिला टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है. टीम इंडिया अगले महीने ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने वाली है, जहां दोनों टीमों के बीच तीनों फॉर्मेट में सीरीज खेली जाएगी. बीसीसीआई ने वनडे और टी20 सीरीज के लिए पहले ही टीम का ऐलान कर दिया था और अब एकमात्र टेस्ट के लिए भी टीम की घोषणा कर दी गई है.
टेस्ट सीरीज में भारीतय टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी और स्मृति मंधाना उप-कप्तान होंगी. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह टेस्ट मैच 6 से 9 मार्च के बीच पर्थ के मैदान पर खेला जाएगा.
जी कमलिनी ऑस्ट्रेलिया दौरे से हुईं बाहर
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हरमनप्रीत कौर तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी करेंगी, जबकि स्मृति मंधाना उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी. इसके अलावा, ऋचा घोष, उमा छेत्री और प्रतिका रावल जैसी स्टार खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलती हुई नजर आएंगी.
वहीं, वनडे और टी20 टीम में एक बदलाव हुआ है. विकेटकीपर जी. कमलिनी भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर हो गई हैं और उनकी जगह उमा छेत्री को भारत की T20I और ODI टीमों में शामिल किया है.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय महिला टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान) शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, अमनजोत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), उमा छेत्री, प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, वैष्णवी शर्मा, सयाली सतघरे.
राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भी हुआ टीम का ऐलान
इसके अलावा, BCCI ने थाईलैंड में होने वाले ACC राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के लिए भारतीय महिला ए टीम का भी ऐलान किया. एशिया कप के लिए राधा यादव को टीम की कप्तानी सौंपी गई है. इसके अलावा, टीम में अनुष्का शर्मा, हुमैरा काजी और वृंदा दिनेश जैसी खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है. वहीं, दीया यादव और एम ममता का टीम में शामिल होना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी.
बता दें कि, राइजिंग स्टार्स एशिया कप का पहला एडिशन 13 से 22 फरवरी के बीच थाईलैंड में खेला जाएगा. इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज में यूएई (13 फरवरी), पाकिस्तान ए (15 फरवरी) और नेपाल (17 फरवरी) से भिड़ेगी.
ACC राइजिंग स्टार एशिया कप टीम के लिए भारत ए टीम
हुमैरा काजी, वृंदा दिनेश, अनुष्का शर्मा, दीया यादव, तेजल हसब्निस, नंदनी कश्यप (विकेटकीपर), ममता एम, राधा यादव (कप्तान), सोनिया मेंढिया, मिन्नू मणि, तनुजा कंवर, प्रेमा रावत, साइमा ठाकोर, जिन्तामणि कलिता, नंदनी शर्मा.

