T20 World Cup 2026: बांग्लादेश को 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया गया है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद ICC ने उसकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया. इसपर अब पाकिस्तान ने नया ड्रामा शुरू कर दिया है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शनिवार को बड़ा बयान देते हुए कहा कि बांग्लादेश के साथ गलत हो रहा है और उसे टूर्नामेंट खेलने का मौका मिलना चाहिए. इसके साथ ही नकवी ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खेलने का फैसला सरकार करेगी.
मोहसिन नकवी ने दिया बड़ा बयान
बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि PCB इस मामले में वही करेगा, जो पाकिस्तान सरकार निर्देश देगी. उन्होंने साफ कहा, “देखिए हमने ये स्टैंड लिया है कि बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ है. बांग्लादेश को हर शर्त में उनको विश्व कप में खिलाना चाहिए, वो एक बड़ा स्टेक होल्डर हैं और उनके साथ ये गलत व्यवहार नहीं होनी चाहिए.” उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान और भारत के बीच हाइब्रिड मॉडल अपनाया जा सकता है, तो वही तरीका बांग्लादेश के लिए भी अपनाया जाना चाहिए.
वहीं, जब नकवी से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान भी टी20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार करने का फैसला करेगा. इसपर उन्होंने कहा, “हम प्रधानमंत्री के लौटने का इंतजार कर रहे हैं, उसके बाद ही कोई अंतिम फैसला लिया जाएगा. अगर पाकिस्तान सरकार कहती है कि नहीं खेलना तो वो 22वीं टीम ले आए. लेकिन ये फैसला पाकिस्तान सरकार को करना है.” जब उनसे पूछा गया कि अगर पाकिस्तान भी टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेलता तो क्या कोई प्लान बी है, तो उन्होंने जवाब दिया, “पहले फैसला तो आने दीजिए, हमारे पास प्लान ए, बी, सी, डी सब कुछ है.”
बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को मिला मौका
दरअसल, भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ते तनाव के कारण बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में अपने टी20 वर्ल्ड कप के मैच नहीं खेलने का फैसला किया. यह फैसला तब आया जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को उनकी आईपीएल टीम से बाहर कर दिया गया. इसके बाद बांग्लादेश ने ICC को लेटर लिखकर मांग की थी कि उसके वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में शिफ्ट करा दिए जाएं.
हालांकि, ICC ने बांग्लादेश की यह मांग ठुकरा दी. इतना ही नहीं, आईसीसी ने गुरुवार को बांग्लादेश को अल्टीमेटम देते हुए साफ कहा कि वह भारत में जाकर खेले नहीं तो उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जाएगा. इसके बावजूद बांग्लादेश भारत न जाने के अपने फैसले पर अड़ा रहा, जिसके बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया गया है.

