Mohammed Shami: लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. शमी ने एक बार फिर रणजी ट्रॉफी 2025-26 में अपनी घातक गेंदबाजी का नजारा पेश किया है. बंगाल और सर्विसेज के बीच खेले जा रहे एलीट ग्रुप-C मुकाबले में शमी ने गेंद से ऐसा कहर बरपाया कि सर्विसेज की टीम फॉलोऑन के बाद भी संभल नहीं पाई.
सर्विसेज की दूसरी पारी में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक शमी ने अपना शानदार 5 विकेट हॉल पूरा कर लिया. शमी सर्विसेज के खिलाफ इस मुकाबले में अब तक 7 विकेट चटका चुके हैं, जिसके बदौलत बंगाल की टीम अब इस मैच को पारी से जीतने से सिर्फ दो विकेट दूर है.
शमी ने गेंद से बरपाया कहर
सर्विसेज के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले में मोहम्मद शमी के अपने फर्स्ट-क्लास करियर का 14वां पांच विकेट हॉल हासिल किया. शमी ने मैच की दूसरी पारी में सर्विसेज के ओपनर एसजी रोहिल्ला के अलावा रवि चौहान, रजत पालीवाल, विनीत धनकर और एपी शर्मा को आउट किया.
इससे पहले इस मैच की पहली पारी में शमी ने 16 ओवर गेंदबाजी की और 2.30 की इकोनॉमी से 37 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक सर्विसेज ने दूसरी पारी में 231 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे. इस मैच में शमी अब तक 7 विकेट झटक चुके हैं.
शमी ने सिलेक्टर्स को फिर दिया करारा जवाब
चोट से वापसी करने के बाद शमी लगातार गेंद से गहर बरपा रहे हैं और टीम इंडिया में अपनी वापसी का इंतजार कर रहे हैं. वह घरेलू क्रिकेट में लगातार अपने दमदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को जवाब दे रहे हैं. हाल ही में खत्म हुई विजय हजारे ट्रॉफी में भी शमी का तूफान देखने को मिला था, जहां उन्होंने बंगाल के लिए 7 मुकाबलों में 15 विकेट हासिल की थी. उससे पहले उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी 8 मैचों में 16 विकेट अपने नाम किए थे. इसके बावजूद शमी को टीम इंडिया में जगह नहीं मिल रही है.
रणजी ट्रॉफी में अब तक चटका चुके हैं 27 विकेट
रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में बंगाल की तरफ से खेलते हुए शमी अब तक 5 मैचों की 9 पारियों में 17.03 की शानदार औसत से 27 विकेट ले चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 2 बार पांच विकेट हॉल और एक बार चार विकेट भी हासिल किए हैं. वहीं, बंगाल की टीम ने इस सीजन अब तक 5 में से 3 मैच जीत लिए हैं और अब चौथी जीत के बेहद करीब है.

