IND U19 vs NZ U19: अंडर 19 विश्व कप में आयुष म्हात्रे की कप्तानी में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. युवा भारतीय टीम ने विश्व कप में अभी तक खेले तीनों मैचों में जीत हासिल करते हुए सुपर 6 में अपनी जगह बना ली है. न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला गया मुकाबला एकतरफा रहा, जिसमें टीम इंडिया ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत 7 विकेट से जीत दर्ज की. इस मैच में टीम इंडिया के लिए कप्तान आयुष म्हात्रे ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा तो वहीं वैभव ने अपने चिर परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए एक ताबड़तोड़ पारी खेली.
Dominant India cruise past New Zealand to stay unbeaten in the #U19WorldCup 🔥
— ICC (@ICC) January 24, 2026
📝: https://t.co/P2bDRa8JBB pic.twitter.com/M7KiHnIkwy
बारिश से बाधित रहा मुकाबला
इस बार अंडर 19 वर्ल्ड कप का आयोजन जिम्बाब्वे और नामीबिया में किया जा रहा है. टूर्नामेंट में टीम इंडिया के खेले गए अब तक सभी मैच बारिश से प्रभावित रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में भी बारिश से खलल डालने का पूरा प्रयास किया लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने मैच को ज्यादा देर तक और महज 13.3 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर मुकाबला समाप्त कर दिया. आयुष म्हात्रे ने 27 गेंदों का सामना करते हुए 53 रनों की आतिशी पारी खेली तो वहीं वैभव ने भी 23 गेंदों में 40 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसके दम पर टीम इंडिया ने 130 रनों का लक्ष्य हासिल कर आसानी से मैच अपने नाम किया.
एम्ब्रिश और हेनिल के आगे फेल हुए कीवी बल्लेबाज
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज इस मैच में बुरी तरह से फ्लॉप नजर आए. टीम ने 36.2 ओवरों की बल्लेबाजी के बाद महज 135 रन बनाए. टीम के लिए कैलम सैमसन ने सबसे ज्यादा 37 रनों की पारी खेली. भारत के लिए इस मैच में आर एस एम्ब्रिश सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 8 ओवर की गेंदबाजी में महज 29 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए. तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने भी उनका बखूबी साथ दिया. उन्होंने 7.2 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 23 रन खर्च किए और 3 विकेट चटकाए. टीम इंडिया का अगला मुकाबला जिम्बाब्वे से सुपर 6 में होगा.

