Team India

IND vs NZ: तीसरे टी20I से पहले कामाख्या मंदिर पहुंची टीम इंडिया, भक्ति में लीन नजर आए कोच गंभीर समेत ये स्टार प्लेयर्स

IND vs NZ 3rd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज यानी 25 जनवरी को गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया शुरुआती दो मुकाबले जीतकर पहले ही सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुकी है.

अब तीसरे टी20 में भारतीय टीम जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम करने उतरेगी. इस मैच से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और कुछ खिलाड़ी असम के प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की. गंभीर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

कामाख्या मंदिर पहुंची टीम इंडिया

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और कुछ खिलाड़ी गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की और मां का आशीर्वाद लिया. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कोच गंभीर को मंदिर में प्रवेश करते हुए देखा जा सकता है. गंभीर पूरी तरह से भक्ति में डूबे नजर आ रहे हैं.

गंभीर इससे पहले उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर भी पूजा करते हुए नजर आए थे. वहीं, एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें भारतीय स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह, चाइनामैन कुलदीप यादव और रवि बिश्नोई भी दिखाई दे रहे हैं.

दूसरे टी20 में भारत ने दर्ज की थी ऐतिहासिक जीत

नागपुर में खेले गए पहले टी20 में न्यूजीलैंड को 48 रनों से मात देने के बाद भारतीय टीम ने रायपुर में खेले गए दूसरे मुकाबले में 7 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी. दूसरे टी20 में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में उतरी टीम इंडिया ने ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव की शानदार पारियों के दम पर 209 रन का बड़ा टारगेट सिर्फ 15.2 ओवर में ही आसानी से हासिल कर मैच जीत लिया.

यह टी20I क्रिकेट में किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ सबसे तेज 200+ रन चेज था. इस मैच में ईशान ने 76 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्या ने नाबाद 82 रन बनाकर भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: गुवाहाटी में होगी रनों की बारिश या गेंदबाज बनेंगे ‘काल’, तीसरे टी20 में कैसा होगा पिच का हाल?