T20 World Cup 2026

T20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश की विदाई पर बवाल! पाकिस्तान के बाद अब WCA ने ICC के फैसले पर उठाए सवाल

T20 World Cup 2026: बांग्लादेश को भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया गया है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा फैसला लेते हुए उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया और स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया.
हालांकि, आईसीसी के इस फैसले पर बवाल मच गया है. बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सवाल उठाए. वहीं, अब वर्ल्ड क्रिकेटर्स एसोसिएशन (WCA) ने ICC के इस फैसले पर गहरी चिंता जताई है और बांग्लादेश को सपोर्ट किया है.

बांग्लादेश के सपोर्ट में उतरा WCA

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश के बाहर होने पर वर्ल्ड क्रिकेटर्स एसोसिएशन ने (WCA) 25 जनवरी को एक बयान जारी कर कहा कि यह क्रिकेट के लिए बेहद दुखद पल है और इस फैसले पर गंभीरता से सोचने की जरूरत है. WCA का मानना है कि यह मामला खेल के भविष्य को लेकर बड़े सवाल खड़े करता है.

WCA के सीईओ टॉम मोफैट ने अपने बयान में कहा कि “टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से बांग्लादेश का बाहर होना क्रिकेट, वहां के खिलाड़ियों और फैंस तीनों के लिए बेहद निराशाजनक है. यह ऐसा मौका है, जिस पर पूरे क्रिकेट जगत को रुककर गहन चिंतन करने की जरूरत है.” बता दें कि, WCA पेशेवर क्रिकेटरों का एक ग्लोबल संगठन है, जिसमें कई देशों के खिलाड़ी शामिल हैं. हालांकि, भारतीय क्रिकेटर इस संगठन का हिस्सा नहीं हैं.

फैंस से की खास अपील

इसके अलावा, WCA ने क्रिकेट के मौजूदा ग्लोबल सिस्टम पर भी सवाल उठाए हैं. 21 जनवरी को हुई ICC बोर्ड मीटिंग में बांग्लादेश का प्रस्ताव 14-2 के बड़े अंतर से खारिज कर दिया गया था, जिसमें सिर्फ पाकिस्तान ने उसका समर्थन किया. PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, मोफैट ने कहा कि हाल के सालों में समझौतों का पालन न होना, खिलाड़ियों के अधिकारों में कटौती और उनसे बिना सलाह लिए फैसले करना क्रिकेट की एकता और भविष्य के लिए खतरा बनता जा रहा है.

वहीं, WCA ने सभी क्रिकेट फैंस से अपील की है कि वे आपसी मतभेद छोड़कर एकजुटता पर ध्यान दें और खिलाड़ियों, बोर्ड्स व लीग्स के साथ मिलकर खेल के भले के लिए काम करें. साथ ही संस्था ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों के साथ खड़े होने की बात कही और भरोसा दिलाया कि वह आगे भी BCB समेत सभी पक्षों के साथ मिलकर क्रिकेट को मजबूत बनाने की कोशिश करती रहेगी.

ICC ने क्यों बांग्लादेश को किया बाहर?

दरअसल, बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्ताफिजुर रहमान को IPL से बाहर करने के BCCI के निर्देश के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया था. BCB ने अपने मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी. हालांकि, ICC ने साफ कहा कि भारत में बांग्लादेशी टीम, अधिकारियों और फैंस के लिए किसी तरह का कोई खतरा नहीं है और तय शेड्यूल में बदलाव नहीं किया जा सकता.

हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपने जिद्द पर अड़ा रहा और भारत में वर्ल्ड कप खेलने से मना कर दिया. इसके बाद ICC ने 24 जनवरी को बड़ा फैसला लेते हुए टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की जगह अब स्कॉटलैंड को शामिल करने का आधिकारिक ऐलान कर दिया. ICC के मुताबिक, 7 फरवरी से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट से ठीक पहले मैचों को श्रीलंका शिफ्ट करना संभव नहीं था, इसलिए यह मुश्किल फैसला लेना पड़ा.

ये भी पढ़ें- 2 साल में बदल गई पाकिस्तान की पूरी टी20 टीम! वर्ल्ड कप 2026 में हुई नए 7 खिलाड़ियों की एंट्री