T20 World Cup 2026

ICC के फैसले के आगे झुका बांग्लादेश, T20 वर्ल्ड कप से बाहर होने पर BCB का बड़ा बयान आया सामने

T20 World Cup 2026: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश को आधिकारिक तौर पर बाहर कर दिया है. दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा चिंताओं के चलते वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम भारत भेजने से इनकार कर दिया था और आईसीसी से लेटर लिखकर अपने मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी.

हालांकि, आईसीसी ने अपनी जांच में सभी सुरक्षा इंतजाम संतोषजनक पाया और बांग्लादेश की इस मांग को ठुकरा दिया. इसके बाद बीसीबी ने सरकार से बात करने के बाद भारत में खेलने से इनकार कर दिया और आईसीसी ने बड़ा फैसला करते हुए उनकी जगह स्कॉटलैंड को वर्ल्ड कप में शामिल कर लिया. आईसीसी के इस फैसले पर अब BCB का बड़ा बयान सामने आया है.

ICC के फैसले को चुनौती नहीं देगा बांग्लादेश

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के मीडिया कमेटी के चेयरमैन अमजद हुसैन ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से बातचीत में कहा कि बीसीबी आईसीसी के फैसले को चुनौती नहीं देगा. उन्होंने बताया, “हमने ICC का फैसला मान लिया है. चूंकि हम भारत जाकर नहीं खेल सकते और मैच श्रीलंका में शिफ्ट भी नहीं हो सकते, इसलिए हम किसी अलग आर्बिट्रेशन या चुनौती की प्रक्रिया में नहीं जा रहे.”

अमजद ने आगे बताया कि, “ICC बोर्ड मीटिंग के बाद बांग्लादेश सरकार की कैबिनेट मीटिंग हुई, जिसमें यह तय किया गया कि टीम भारत नहीं जाएगी. ICC ने 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा था, जिसमें बीसीबी ने साफ कह दिया कि इस शेड्यूल में भारत जाना उनके लिए संभव नहीं है.”

BCB में उथल-पुथल

आईसीसी के फैसले के बाद बीसीबी में भी हड़कंप मच गया. बोर्ड के डायरेक्टर और गेम डेवलपमेंट कमेटी के चेयरमैन इश्तियाक सादिक ने अपना पद छोड़ दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इस्तीफा पर्सनल कारणों से है और इसका ICC फैसले या बोर्ड के अंदरूनी झगड़ों से कोई लेना-देना नहीं है.

बता दें कि, ICC ने 24 जनवरी को बड़ा फैसला लेते हुए टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की जगह अब स्कॉटलैंड को शामिल करने का आधिकारिक ऐलान किया. ICC के मुताबिक, 7 फरवरी से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट से ठीक पहले मैचों को श्रीलंका शिफ्ट करना संभव नहीं था, इसलिए यह मुश्किल फैसला लेना पड़ा.

ये भी पढ़ें- BBL 2025-26 Final: फाइनल में नहीं चला स्टीव स्मिथ का बल्ला, सिडनी सिक्सर्स को हराकर पर्थ स्कॉर्चर्स ने छठी बार जीता खिताब