India vs New Zealand 3rd T20I

IND vs NZ: तीसरे टी20I के लिए भारत की प्लेइंग XI में हुए 2 बड़े बदलाव, अर्शदीप-वरुण हुए बाहर, इन दो खिलाड़ियों की हुई एंट्री

India vs New Zealand 3rd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. इस मैच के लिए भारत की प्लेइंग XI में दो बड़े बदलाव किए गए हैं. तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती को इस मैच से बाहर कर दिया गया है. उनकी जगह जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है और रवि बिश्नोई को प्लेइंग XI में शामिल किया गया है.

अर्शदीप सिंह बाहर, जसप्रीत बुमराह की हुई वापसी

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले के लिए टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं. इस मैच में अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती को आराम दिया गया, जबकि उनकी जगह टीम में जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई को मौका मिला. दूसरे टी20 मैच के लिए बुमराह को आराम दिया गया था, लेकिन अब तीसरे मैच में उनकी वापसी हो गई है. बुमराह के आने से अर्शदीप को प्लेइंग XI से बाहर होना पड़ा.

वहीं, रवि बिश्नोई को पहले दो मैचों में बेंच पर बैठे रहने के बाद तीसरे मैच के लिए प्लेइंग XI में जगह दी गई है. बिश्नोई को इस टी20 सीरीज के लिए वाशिंगटन सुंदर की जगह टीम में शामिल किया गया था. इसके अलावा, भारतीय प्लेइंग XI में कोई और बदलाव नहीं किया गया है. वहीं, न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI में भी एक बदलाव हुआ है. जैक फाउल्क्स की जगह काइल जेमीसन को प्लेइंग XI में शामिल किया गया है.

टॉस के बाद क्या बोले कप्तान सूर्या?

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. टॉस के बाद सूर्या ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे, क्योंकि विकेट अच्छा दिख रहा है और बाद में थोड़ी ओस भी होगी. उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा,

“चलो अपनी अच्छी आदतों को दोहराने की कोशिश करते हैं. वैसे ही खेलो, एन्जॉय करो और निडर बनो. जब आप मैदान पर हो, तो अपने फैसले खुद लो. जो बैट्समैन या बॉलर खेल रहे हैं, वे सबसे अच्छे जज होते हैं. मुझे लगता है कि इस मैदान पर चेज करना ज्यादा बेहतर रहेगा.”

IND vs NZ 3rd T20I: दोनों टीमों की प्लेइंग XI

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह.

न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिशेल, मिशेल सैंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, जैकब डफी.

ये भी पढ़ें- ICC के फैसले के आगे झुका बांग्लादेश, T20 वर्ल्ड कप से बाहर होने पर BCB का बड़ा बयान आया सामने