Hardik Pandya

IND vs NZ: हार्दिक पांड्या ने हवा में उड़कर पकड़ा हैरतअंगेज कैच, दंग रह गए सभी खिलाड़ी, VIDEO वायरल

IND vs NZ 3rd T20I, Hardik Pandya Catch: भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुवाहाटी में खेले जा रहे तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने ऐसा हैरतअंगेज कैच पकड़ा कि स्टेडियम में बैठे फैंस के साथ-साथ सभी खिलाड़ी भी हैरान रह गए. हार्दिक ने यह कमाल मैच के पहले ही ओवर में किया और हर्षित राणा लगातार पांचवीं बार डेवोन कॉन्वे का अपना शिकार बनाया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

हार्दिक पांड्या ने लपका सुपरमैन कैच

दरअसल, न्यूजीलैंड की पारी की तीसरी गेंद पर डेवोन कॉन्वे ने आगे बढ़कर कवर के ऊपर से बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन टाइमिंग बिगड़ गई और गेंद हवा में टंग गई. वहीं, मिड-ऑफ पर खड़े हार्दिक पांड्या ने अपनी बाईं ओर जबरदस्त डाइव लगाई और हवा उड़कर एक हाथ से शानदार कैच पकड़कर भारत को पहली सफलता दिला दी.

इस कैच के साथ ही कॉन्वे की पारी खत्म हो गई और न्यूजीलैंड को पहले ओवर में ही सिर्फ 6 रन पर बड़ा झटका लग गया. हार्दिक का यह कैच देखकर कॉन्वे के साथ-साथ मैदान पर मौजूद सभी खिलाड़ी दंग रह गए.

हर्षित राणा ने लगातार 5वीं बार कॉन्वे को किया आउट

वहीं, डेवोन कॉन्वे भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा के पसंदीदा शिकार बन गए हैं. इस दौरे में यह लगातार पांचवां मौका है, जब हर्षित ने कॉन्वे को आउट किया है. इससे पहले हर्षित ने वनडे सीरीज के तीनों मैचों में और टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में भी उन्हें चलता किया था. वनडे सीरीज के पहले मैच में अर्धशतक लगाने के बाद कॉन्वे लगातार संघर्ष करते नजर आए हैं.

भारत को मिला 154 रनों का टारगेट

मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 153 रनों का स्कोर खड़ा किया. न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने सबसे ज्यादा 48 रनों की पारी खेली. उनके अलावा, मार्क चैपमैन ने 32 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर ने 27 रन बनाए. वहीं, भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए. जबकि हार्दिक पांड्या और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट लिए.

ये भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड कप से पहले इस टीम से होगी भारत की टक्कर! नवी मुंबई में खेला जाएगा मुकाबला