T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होना है, जिसको लेकर सभी टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में जुटी हुई है. इसी बीच पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में खेलने जा रही इटली क्रिकेट टीम ने एक बड़ा कारनामा कर दिखाया है. इटली ने आयरलैंड के खिलाफ तीसरे टी20I मुकाबले में 4 विकेट से जीत हासिल की. यह इटली की किसी फुल मेंबर नेशन के खिलाफ पहली जीत है. आईसीसी टी20 रैंकिंग में इटली 27वें नंबर पर है, जबकि आयरलैंड 12वें पायदान पर हैं.
इटली ने आयरलैंड को चटाई धूल
टी20 वर्ल्ड कप से पहले इटली की टीम यूएई दौरे पर है. इटली और आयरलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला दुबई स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में इटली की टीम ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल का प्रदर्शन किया. मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 19.4 ओवर में 154 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. टीम के लिए कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने सबसे ज्यादा 45 रनों की पारी खेली, जबकि मार्क अडेयर ने 25 रन और बेल केलित्ज ने 22 रन बनाए.
वहीं, इटली की ओर से क्रिशन कालुगमागे ने 3 विकेट झटके, जबकि ग्रांट स्टीवर्ट और जेजे स्मट्स ने 2-2 विकेट लिए. जवाब में उतरी इटली के लिए कप्तान वेन मेडसन ने 39 रन और स्टीवर्ट ने 19 गेंदों पर 33 रनों की आतिशी पारी खेलकर मैच को तीन गेंद शेष रहते ही खत्म कर दिया. आयरलैंड ने की टीम ने 16.1 ओवर में 6 विकेट पर 111 रन बनाकर मैच 4 विकेट से जीत लिया. हालांकि, आयरलैंड ने 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली. आयरलैंड ने पहले और दूसरे टी20 मैच में जीत हासिल की थी.
9 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप में खेलेगी पहला मैच
वेन मैडसेन की कप्तानी में इटली की टीम पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में खेलने वाली है. इटली को ग्रुप सी में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और स्कॉटलैंड के साथ रखा गया है. इटली अपना पहला मुकाबला 9 फरवरी को स्कॉटलैंड के खिलाफ कोलकाता में खेलेगी. इसके बाद इटली की टीम 16 फरवरी को मुंबई में इंग्लैंड से और 19 फरवरी को कोलकाता में वेस्टइंडीज से भिड़ेगी. आयरलैंड को हराकर इटली की टीम को काफी कॉन्फिडेंस मिला होगा और वह इस बड़े मंच पर चुनौती पेश करने के लिए तैयार है.
टी20 वर्ल्ड कप के लिए इटली का स्क्वॉड
वेन मैडसेन (कप्तान), मार्कस कैम्पोपियानो, जियान पिएरो मीडे, ज़ैन अली, अली हसन, क्रिस्चन जॉर्ज, हैरी मैनेंटी, एंथोनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, सैयद नकवी, बेंजामिन मैनेंटी, जसप्रीत सिंह, जे जे स्मट्स, ग्रांट स्टीवर्ट, थॉमस ड्रेका.

