KL Rahul on Retirement: भारतीय वनडे और टेस्ट टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक केएल राहुल ने हाल ही में क्रिकेट से संन्यास लेकर बड़ा बयान दिया है. राहुल ने माना है कि उनके मन में संन्यास लेने का विचार आया था, लेकिन उन्होंने कहा कि वह जानते हैं कि अभी इसमें कुछ समय बाकी है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन के साथ बातचीत में राहुल ने संन्यास लेकर खुलकर बात की है और कहा कि क्रिकेट के अलावा जीवन में भी चीजें हैं.
केएल राहुल ने संन्यास को लेकर दिया बड़ा बयान
33 साल के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने केविन पीटरसन के साथ उनके यूट्यूब चैनल पर बातचीत में कहा कि संन्यास लेना कोई मुश्किल फैसला नहीं होगा, क्योंकि क्रिकेट के अलावा भी जीवन है. राहुल ने कहा, ‘‘मैंने इके बारे में सोचा है. मुझे नहीं लगता कि संन्यास लेना इतना मुश्किल होगा. अगर आप खुद के प्रति ईमानदार हैं तो जब समय आएगा तब इसे टालने का कोई मतलब नहीं होगा. निश्चित तौर पर इसमें अभी कुछ समय लगेगा.” उन्होंने कहा कि पिछले साल जब से उनकी और अथिया शेट्टी की पहली बेटी, इवाराह का जन्म हुआ है, तब से उनकी प्राथमिकताएं बदल गई हैं.
राहुल ने आगे कहा कि वह खुद को सुपरस्टार या बहुत महत्वपूर्ण व्यक्ति नहीं मानते हैं, जिससे उन्हें लगता है कि भविष्य में संन्यास का फैसला करना आसान हो जाएगा. उन्होंने कहा, “बस चुपचाप खेलना छोड़ दो. जो कुछ तुम्हारे पास है, उसका आनंद लो. तुम्हारा परिवार भी है, इसलिए बस वही करो जो तुम्हें अच्छा लगे. यही सबसे कठिन है. इसलिए मैं खुद को यही समझाने की कोशिश करता हूं कि मैं बहुत महत्वपूर्ण नहीं हूं.”
केएल राहुल का क्रिकेट करियर
राहुल ने भारत के लिए अब तक 67 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 35.8 की औसत से 4,053 रन बनाए हैं. वहीं, राहुल ने 94 वनडे मैचों में 50.9 की औसत से 3,360 रन बनाए हैं. इसके अलावा, उन्होंने 72 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 37.75 की औसत और 139 के स्ट्राइक रेट से 2,265 रन भी बनाए हैं.
राहुल हाल ही में खत्म हुई न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आए थे, जहां उन्होंने एक धमाकेदार शतक भी जड़ा था. वह फिलहाल टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं और गुरुवार को मोहाली में पंजाब के खिलाफ होने वाले रणजी ट्रॉफी में कर्नाटक के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे.

