Mohammad Azharuddin praise Sarfaraz Khan

‘उन्हें एक और मौका मिलना चाहिए…’, टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने सरफराज खान के लिए की सिफारिश 

Mohammad Azharuddin on Sarfaraz Khan: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलते हुए कमाल की लय में नजर आ रहे हैं. उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ मैच में दोहरा शतक जड़ा. इससे पहले विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उनका बल्ला जमकर गरजा था. हालांकि, इस दमदार प्रदर्शन के बाद भी वो टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं. उन्होंने आखिरी बार टीम इंडिया के लिए साल 2024 में टेस्ट मैच खेला था और इसके बाद से ही वो बाहर चल रहे हैं. सरफराज के घातक प्रदर्शन को देख टीम इंडिया के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने उनकी जमकर तारीफ की है. उन्होंने उनके लिए टीम इंडिया में एक और मौका देने की बात कही है. 

उन्हें एक और मौका मिलना चाहिए- अजहरुद्दीन 

हाल ही में सरफराज खान ने मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ अपनी बल्लेबाजी को लेकर लंबी चर्चा की थी. स्पोर्टस्टार के खबर के मुताबिक सरफराज ने अजहरुद्दीन से मुलाकात करने के लिए 45 मिनट तक इंतजार किया था. अजहरुद्दीन ने अब सरफराज खान की तारीफ में कई बातें कही हैं, “अंत में वो बल्लेबाजी करने के लिए गए और उन्होंने ही रन बनाए. इसके लिए उनकी तारीफ होनी चाहिए, मैं बहुत खुश हूं कि उसने मेरा नाम लिया लेकिन इसकी कोई जरूरत नहीं थी. जब तक वो रन बनाते रहेंगे और आगे बढ़ते रहेंगे मैं खुश रहूंगा.”

इसके बाद अजहरुद्दीन ने उनके लिए एक खास अपील भी की है. उन्होंने कहा कि, “सरफराज खान को एक मौका और दिया जाना चाहिए टीम इंडिया के लिए. उसने हर जगह रन बनाए हैं और भारत को उसके जैसे अटैकिंग खिलाड़ियों की जरूरत है. अगर आप रन बना रहे हैं और मौका भी नहीं मिलता तो काफी निराशा होती है.”

सरफराज ने फिटनेस पर किया काम

साल 2024 में टीम इंडिया से बाहर होने के बाद सरफराज खान ने अपनी फिटनेस से लेकर फॉर्म तक बहुत मेहनत की है. इसका साफ असर उनकी बल्लेबाजी में भी नजर आ रहा है. घरेलू क्रिकेट के इस सीजन में उन्होंने कई रिकॉर्ड ब्रेकिंग पारियां खेली हैं. टीम इंडिया के लिए सरफराज अब तक 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 371 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक तो वहीं 3 अर्धशतक भी निकल चुके हैं. टीम इंडिया का टेस्ट में आगामी घरेलू सीजन को देखते हुए उनको एक बार फिर से टीम में मौका मिल सकता है. 

ये भी पढ़िए- U19 World Cup 2026: जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में काली पट्टी बांधकर क्यों उतरी टीम इंडिया, जानें वजह