T20 World Cup 2026, Evin Lewis: 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले वेस्टइंडीज क्रिकेट में हड़कंप मच गया है. वेस्टइंडीज के धाकड़ सलामी बल्लेबाज एविन लुईस ने टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर होते ही संन्यास के संकेत दे दिए हैं. वेस्टइंडीज ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है, लेकिन इसमें लुईस का नाम गायब रहा.
जिसे देखकर फैंस के साथ-साथ खुद लुईस भी चौंक गए. टीम में जगह मिलने के बाद निराश लुईस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर रिटायरमेंट को लेकर बड़ा हिंट दिया है.
एविन लुईस ने दिए संन्सास के संकेत
क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने सोमवार (26 जनवरी) को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, जिसकी कप्तानी शाई होप को सौंपी गई. लेकिन सबसे हैरानी की बात यह रही कि हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ टी20I सीरीज में खेलने के बावजूद एविन लुईस को सिलेक्टर्स ने नजरअंदाज कर दिया. इसके बाद लुईस ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक इमोशनल स्टोरी डालकर संन्यास के संकेत दिए.
उन्होंने लिखा, “इंटरनेशनल क्रिकेट में 10 साल के सफर के दौरान मेरा साथ देने वाले सभी लोगों का शुक्रिया. लेकिन मुझे लगता है कि अब मेरे जाने का समय आ गया है… बने रहिए.” इस पोस्ट से लुईस ने साफ इशारा किया है कि वो जल्द ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं.
एविन लुईस का क्रिकेट करियर
साल 2016 में डेब्यू करने वाले एविन लुईस का टी20 करियर दमदार रहा है. उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए अब तक खेले 67 टी20I मैचों में 1799 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 13 अर्धशतक भी निकले हैं. वहीं, उन्होंने 70 वनडे मैचों में 36.75 की औसत से 2279 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं.
गौरतलब है कि लुईस ने अफगानिस्तान के खिलाफ T20I टीम में वापसी की थी. उन्होंने आखिरी बार जून 2025 में आयरलैंड के खिलाफ खेला था. हालांकि, लुईस ने अफगानिस्तान के खिलाफ दो मैचों में सिर्फ 17 रन बनाए थे, जिसे वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने के लिए काफी नहीं माना गया.
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए वेस्टइंडीज का स्क्वॉड
शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), जॉनसन चार्ल्स (विकेटकीपर), रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर, अकील होसेन, शमार जोसेफ, ब्रैंडन किंग, गुडाकेश मोती, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्विंटन सैम्पसन, जेडन सील्स, रोमारियो शेफर्ड.

