SL vs ENG, Harry Brook Century: श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच कोलंबो में खेले जा रहे तीसरे वनडे मुकाबले में हैरी ब्रूक ने बल्ले से कोहराम मचाया. इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और सिर्फ 57 गेंदों पर ताबड़तोड़ शतक जड़ दिया. यह उनके वनडे करियर का तीसरा और श्रीलंका के खिलाफ पहला शतक रहा. उन्होंने 66 गेंदों पर नाबाद 136 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 11 चौके और 9 छक्के लगाए. इसी साथ ब्रूक ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है.
हैरी ब्रूक ने ठोका धमाकेदार शतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने सिर्फ 40 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिया था. इसके बाद जो रूट ने जैकब बेथल के साथ मिलकर पारी को संभाला और 126 रनों की साझेदारी की. बेथल 72 गेंदों पर 65 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान हैरी ब्रूक ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए तेजी से रन बटोरे.
ब्रूक ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 57 गेंदों पर शतक जड़ दिया. उन्होंने रूट के साथ चौथे विकेट के लिए 112 गेंदों पर 191 रनों की अटूट साझेदारी की. ब्रूक 66 गेंदों पर 11 चौके और 9 छक्कों के साथ 136 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं, रूट 108 गेंदों पर नाबाद 111 रनों की पारी खेली. इन दोनों की शानदार पारियों के दम पर इंग्लैंड ने 50 ओवर में 3 विकेट पर 357 रनों का स्कोर खड़ा किया.
इंग्लैंड के लिए सबसे तेज वनडे शतक जड़ने वाले कप्तान
हैरी ब्रूक ने इस धमाकेदार पारी के साथ एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. 57 गेंदों पर शतक जड़ने के साथ ही ब्रूक इंग्लैंड के लिए संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक जड़ने वाले कप्तान बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. मोर्गन ने साल 2019 में अफगानिस्तान के खिलाफ सिर्फ 57 गेंदों पर शतक लगाकर इतिहास रचा था.
बता दें कि, हैरी ब्रूक ने इंग्लैंड के लिए अब तक 38 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 39.52 की औसत और 104.67 के स्ट्राइक रेट से 1354 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 6 अर्धशतक भी जड़े हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 136 रहा, जो इस मैच में आया है. श्रीलंका के खिलाफ इस 3 मैचों सीरीज में उन्होंने कुल 184 रन बनाए हैं.

