Former head coach Rahul Dravid statement

टीम इंडिया लगातार क्यों हार रही घरेलू टेस्ट सीरीज? पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ ने बताया कड़वा सच

Rahul Dravid Statement: टीम इंडिया का प्रदर्शन टेस्ट क्रिकेट में लगातार खराब होता ही नजर आ रहा है. गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद से टीम इंडिया के अपनी ही सरजमीं पर कई शर्मनाक सीरीज हार का सामना करना पड़ा है. साल 2024 में पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम को न्यूजीलैंड के हाथों 3-0 से सीरीज में हार का मुंह देखना पड़ा तो वहीं साल 2025 में साउथ अफ्रीका ने भी 2-0 से रौंद दिया. इससे पहले भारतीय टीम का किला 12 सालों से अभेद रहा था. टीम ने साल 2012 से लेकर साल 2024 तक कोई भी टेस्ट सीरीज अपने घर में नहीं हारी थी. इसी को लेकर अब टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ ने कड़वा सच बताया है. 

घर में टेस्ट क्यों हार रही टीम इंडिया?

टीम इंडिया को साल 2024 में टी20 विश्व कप का खिताब जिताने वाले हेड कोच राहुल द्रविड़ ने टीम इंडिया की घरेलू टेस्ट हार को लेकर कहा, “मुझे जो बात समझ आई है वो ये है कि खिलाड़ी तीनों फॉर्मेट में खेल रहे हैं. ऐसे में टेस्ट की तैयारी करने को लेकर उनके पास केवल 3 से 4 दिनों का समय ही रहता है. ये हर किसी के लिए भी एक चुनौती है. टेस्ट मैचों की पिचों पर स्पिन या सीम गेंदबाजों को खेलना आसान नहीं होता और इसके लिए काबिलियत चाहिए होती है.”

शुभमन गिल के सपोर्ट में आए द्रविड़

टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने भी हाल ही में टेस्ट सीरीज से पहले तैयारियों के लिए ज्यादा समय की बात कही थी. उन्होंने बीसीसीआई से मांग की थी कि खिलाड़ियों को ज्यादा समय के लिए कैंप दिया जाए. राहुल द्रविड़ ने भी उनकी इस बात का समर्थन किया है. उन्होंने कहा, “पहले 2 फॉर्मेट ही हुआ करते थे और फ्रेंचाइजी क्रिकेट नहीं खेला जाता था. टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए एक महीने से भी ज्यादा का समय मिल जाता था. लाल गेंद से खेलना मुश्किल होता जा रहा है क्योंकि खिलाड़ियों के पास प्रैक्टिस करने का वक्त तक नहीं होता है.”

ये भी पढ़िए- WPL 2026: BCCI ने DC कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स पर ठोका भारी जुर्माना, हार के बाद जख्म पर छिड़का ‘नमक’