IND vs NZ 4th T20I, Team India Playing XI Prediction: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी 5 मैचों की सीरीज का चौथा टी20I मुकाबाला आज यानी 28 जनवरी को विशाखापट्टनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया पहले ही 3-0 से सीरीज अपने नाम कर चुकी है. अब भारतीय टीम की नजर चौथा टी20 मैच भी जीतकर न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ करने के लिए आगे बढ़ने पर होगी.
वहीं, न्यूजीलैंड की टीम अपनी हार के सिलसिले को तोड़ने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत के पास अब सिर्फ दो मैच बचे हैं और टीम अपने कॉम्बिनेशन को आजमाना चाहेगी. ऐसे में चौथे टी20 मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI में कुछ बदलाव दिखने को मिल सकते हैं. तो चलिए जानते हैं चौथे टी20 के लिए प्लेइंग XI में किन खिलाड़ियों को जगह मिल सकती है.
क्या संजू सैमसन होंगे बाहर?
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में अब तक खेले गए तीनों मैचों में टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है, लेकिन संजू सैमसन का फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है. इस सीरीज की तीनों पारियों में संजू का बल्ला पूरी तरह शांत रहा है. वह ओपनिंग करते हुए तीन मैचों में सिर्फ 16 रन बनाए हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या संजू को चौथे मैच से बाहर बैठाया जाएगा?
हालांकि, फिलहाल इसकी संभावना कम ही है. भारत पहले ही सीरीज जीत चुका है, तो टीम मैनेजमेंट शायद बचे हुए मैचों को ट्रायल के तौर पर देखे. संजू जैसे खिलाड़ी को बस एक बड़ी पारी की जरूरत होती है. अगर वो अगले दो मैचों में से किसी एक में भी चल गए, तो टी20 वर्ल्ड कप से पहले आत्मविश्वास वापस आ सकता है. यानी संजू को अभी और मौके दिए जा सकते हैं.
हार्दिक और बुमराह को मिल सकता है आराम
वहीं, मैच से एक दिन पहले टीम इंडिया ने एक वैकल्पिक प्रैक्टिस सेशन किया, जिसमें कुछ ही खिलाड़ी नजर आए. इनमें संजू सैमसन और अक्षर पटेल भी शामिल रहे. फैंस को लिए अच्छी खबर यह है कि अक्षर अब पूरी तरह फिट हो चुके हैं और मैदान पर वापसी करने के लिए तैयार है. ऐसे में चौथे मैच में हार्दिक पांड्या को आराम दिया जा सकता है और उनकी जगह अक्षर की प्लेइंग XI में वापसी हो सकती है. अक्षर के टीम में आने से गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी गहराई मिलेगी.
इसके अलावा, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी आराम दिया जा सकता है और उनकी जगह अर्शदीप सिंह को आजमाया जा सकता है, ताकि बेंच स्ट्रेंथ भी पूरी तरह तैयार रहे. वहीं, रवि बिश्नोई की जगह वरुण चक्रवर्ती की अंतिम एकादश में वापसी हो सकती है. चौथे टी20I में टीम इंडिया इन तीन बदलाव के साथ मैदान पर उतर सकती है.
चौथे टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI
संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या/अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई/वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह/अर्शदीप सिंह.
T20 सीरीज के लिए भारत का फुल स्क्वॉड
संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, श्रेयस अय्यर, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह.

