Ajit Pawar and Sachin Tendulkar

अजित पवार के निधन पर खेल जगत में शोक, सचिन तेंदुलकर और यूसुफ पठान समेत इन क्रिकेटर्स ने जताया दुख

Sachin Tendulkar and Many Cricketers Mourns Ajit Pawar Death: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और NCP प्रमुख अजित पवार का बुधवार (28 जनवरी) को एक प्लेन क्रैश में निधन हो गया. वह एक चुनावी सभा के लिए बारामती जाते समय विमान हादसे का शिकार हो गए और विमान में सवार सभी 6 लोगों मौत हो गई. DGCA और स्थानीय प्रशासन ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है.

अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र सहित पूरे देश में शोक की लहर है. उनके निधन पर राजनीति से लेकर खेल जगत से जुड़े कई लोगों ने गहरा दुख जताया है. इस दुखद हादसे पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और यूसुफ पठान समेत कई खिलाड़ियों ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया है.

अजित पवार के निधन से भावुक हुए सचिन तेंदुलकर

महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार के निधन पर सचिन तेंदुलकर ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए गहरा शोक जताया. उन्होंने मराठी और अंग्रेजी भाषा में पोस्ट लिखकर पवार को श्रद्धांजलि दी. सचिन ने लिखा, “अजित पवार जी के असामयिक निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ. महाराष्ट्र ने आज एक अपना समर्पित नेता खो दिया. उन्होंने पूरे राज्य के लिए काम किया. इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. ओम शांति.”

सचिन के अलावा घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र के लिए खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने भी अजित पवार के निधन पर दुख जताया. उन्होंने लिखा “महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार दादा के दुखद निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं.”

यूसुफ पठान और अजहरुद्दीन ने भी जताया दुख

पूर्व भारतीय क्रिकेटर यूसुफ पठान और पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी अजित पवार के निधन पर दुख व्यक्त किया है. पठान ने एक्स पर दुख जताते हुए लिखा, “महाराष्ट्र के माननीय उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के दुखद विमान हादसे में असामयिक निधन से गहरा दुख हुआ है. वह एक समर्पित नेता थे जिन्होंने पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से राज्य की सेवा की. सार्वजनिक सेवा और राज्य के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार समर्थकों और राज्य के लोगों के साथ हैं. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे.”

वहीं, अजहरुद्दीन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अजीत पवार के विमान दुर्घटना की खबर से मैं बेहद दुखी हूं. मैं उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति और हिम्मत दे.”

ये भी पढ़ें- संजू सैमसन को भुगतना पड़ा खराब फॉर्म का खामियाजा, ICC रैंकिंग में अब टॉप 50 से भी हुए बाहर