Ishan Kishan

IND vs NZ: ईशान किशन क्यों हुए प्लेइंग XI से बाहर? कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताई बड़ी वजह

IND vs NZ 4th T20I, Ishan Kishan: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला विशाखापट्टनम के ACA-VDCA स्टेडियम में खेला जा रहा है. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. इस मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI में एक बदलाव किया गया है. स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को इस मैच से बाहर कर दिया गया है और उनकी जगह अर्शदीप सिंह की प्लेइंग XI में वापसी हुई है. टॉस के बाद कप्तान सूर्या ने बताया कि तीसरे टी20 में ईशान को चोट लग गई थी, जिसके चलते वो इस मैच में नहीं खेल रहे हैं.

ईशान किशन को कैसे लगी चोट?

टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के बाद बताया कि ईशान किशन चौथे टी20 मैच से बाहर हो गए हैं, क्योंकि उन्हें पिछले मैच के दौरान हल्की चोट लग गई थी. ऐसे में उनकी जगह अर्शदीप सिंह को प्लेइंग XI में शामिल किया गया है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें क्या चोट लगी है या उनकी चोट कितनी गंभीर है. 2 साल के लंबे इंतजार के बाद ईशान ने इसी टी20 सीरीज से टीम इंडिया में वापसी की है और पिछले दो मुकाबलों में अपने शानदार प्रदर्शन से फैंस का दिल जीता.

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में ईशान ने 8 रन बनाए थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने दूसरे टी20 में अपने बल्ले का दम दिखाया और 76 रन ठोके, जबकि तीसरे मैच में ईशान ने 28 रन बनाए. ईशान टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं. ऐसे में उनका चोटिल होना टीम के लिए चिंता का विषय हो सकता है.

संजू सैमसन को फिर मिला मौका

वहीं, लगातार फ्लॉप रहने के बावजूद संजू सैमसन को एक बार फिर प्लेइंग XI में मौका दिया गया है. इस सीरीज में अब तक तीन पारियों में वह सिर्फ 16 रन ही बना पाए हैं और पिछले मैच में वह खाता खोले बिना आउट हो गए थे. इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा जताया है. दूसरी ओर, वरुण चक्रवर्ती को एक बार फिर इस मुकाबले के लिए नजरअंदाज किया गया, जबकि अक्षर पटेल को इस मैच से आराम दिया गया है. कप्तान सूर्या ने बताया है कि अक्षर अभी भी चोट से पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं और उन्हें फिट होकर मैदान पर उतरने में थोड़ा समय लगेगा.

IND vs NZ 4th T20I: दोनों टीमों की प्लेइंग XI

भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह.

न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिशेल, मिशेल सैंटनर (कप्तान), ज़ाकरी फाउल्क्स, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, जैकब डफी.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: चौथे टी20I से पहले नरसिम्हा मंदिर पहुंची टीम इंडिया, कोच गंभीर और कप्तान सूर्या समेत ये खिलाड़ी आए नजर, देखें VIDEO