T20 World Cup 2026, Washington Sundar: 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने जा रहा है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया इस बार टाइटल डिफेंड करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. लेकिन इससे पहले टीम इंडिया के लिए एक टेंशन बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. टीम के स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती दो मुकाबले से बाहर हो सकते हैं. सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोट लग गई थी, जिसके बाद से वो लगातार रिहैब में हैं.
वॉशिंगटन सुंदर ने शुरू की बैटिंग प्रैक्टिस
दरअसल, वॉशिंगटन सुंदर को 11 जनवरी को वडोदरा में खेले गए न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में फील्डिंग के दौरान चोट लग गई थी. चोट लगने के बाद वॉशिंगटन को पसलियों के पास दर्द महसूस हुआ, जिसके कारण वह उस मैच में आगे गेंदबाजी नहीं सके. हालांकि, थोड़ी देर बाद वह बल्लेबाजी करने उतरे थे. इसके बाद डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला से उनकी जांच करवाई गई, जिसमें पता चला कि उन्हें इंटरनल ऑब्लिक मसल में टियर है और बाद की रिपोर्ट में हल्का फ्रैक्चर भी सामने आया.
तब से वह बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (CoE) में रिहैब कर रहे हैं. हालांकि, उन्होंने नेट्स में फिर से बल्लेबाजी शुरू कर दी है. बुधवार को उन्होंने करीब आधे घंटे तक प्रैक्टिस की, लेकिन इस दौरान उन्हें पसलियों के आसपास हल्का दर्द और परेशानी महसूस हुई. यानी वह अभी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं.
टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती दो मैचों में खेलना मुश्किल
हालांकि, BCCI को उम्मीद है कि वॉशिंगटन 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान के बीच कोलंबो में होने वाले हाई वोल्टेज मुकाबले तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे. इसका मतलब वह USA और नामीबिया के खिलाफ होने वाले शुरुआती दो मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे. टीम इंडिया अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को USA के खिलाफ करेगी और फिर 12 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगी.
एक सूत्र ने बताया कि अभी पाकिस्तान मैच में करीब 15 दिन का वक्त है और सुंदर अब भी टीम की योजनाओं में शामिल हैं. उन्हें खासतौर पर लेफ्ट-हैंड बल्लेबाजों के खिलाफ चुना गया था, यही वजह है कि रवि बिश्नोई को आजमाया जा रहा है. फिलहाल टीम के पास ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर्स के विकल्प भी ज्यादा नहीं हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वॉशिंगटन की जगह रवि बिश्नोई को शामिल किया गया है. हालांकि, खबर यह भी है कि अगर वॉशिंगटन फिट नहीं होते हैं तो उनकी जगह रियान पराग को वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया जा सकता है.

