IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच में टीम इंडिया को हार का सामना पड़ा है. इस पूरी सीरीज में टीम इंडिया की बल्लेबाजी कमाल की रही है फिर चाहे पहले बल्लेबाजी करनी हो या रन चेज करना हो लेकिन सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन की फॉर्म इस पूरी सीरीज में चिंता का कारण ही रही है. शुभमन गिल के टी20 टीम से बाहर होने के बाद अब सैमसन ओपनिंग कर रहे हैं लेकिन इस सीरीज में अभी तक अपनी प्रतिभा के मुताबिक बल्लेबाजी नहीं कर पाए हैं. चौथे टी20 में उनके पास शानदार मौका था लेकिन वो चूक गए. उनके आउट होने के तरीके को देख पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर काफी निराश नजर आए.
Sunil Gavaskar used to be the no:1 critic of Sanju Samson but he now backs Sanju to continue to open in the T20 World Cup 👏 pic.twitter.com/NllxPYpteZ
— Lio (@MessiZeolot) January 27, 2026
सैमसन पर भड़क उठे सुनील गावस्कर
संजू सैमसन ने इस सीरीज में अब तक खेले 4 मैचों में 10 की खराब औसत से महज 40 रन ही बनाए हैं. वाइजैग में उनका हाईएस्ट स्कोर आया, जो कि 24 रन था. मिचेल सैंटनर की गेंद पर वो क्लीन बोल्ड हो गए और इसे देख सुनील गावस्कर बुरी तरह भड़क उठे और उन्होंने कमेंट्री में ही उनकी खिंचाई कर दी. गावस्कर ने कहा, “मेरा पहला इंप्रेशन ये रहा कि उनका फुटवर्क बिल्कुल ही खराब था. जैसा कि मैंने कहा था, कोई फुट मूवमेंट नहीं था. लेग स्टंप के बाहर जाना और एक बार फिर से तीनों स्टंप्स को एक्सपोज कर देना. ऐसे में अगर आप मिस करते हैं तो गेंदबाज हिट करेगा ही. यही संजू सैमसन के साथ भी हुआ वो भी दूसरी बार.”
टी20 विश्व कप से पहले होगा आखिरी मौका
संजू सैमसन के पास टी20 विश्व कप से पहले अपनी फॉर्म हासिल करने का एक और मौका होगा. तिरुवनंतपुरम में सीरीज का आखिरी मैच खेला जाएगा. अगर इस मैच में भी संजू का बल्ला नहीं चलता है तो टी20 विश्व कप के लिए प्लेइंग 11 में भी उनकी जगह सवालों के घेरे में होगी. अब टीम में ईशान किशन की वापसी हो चुकी है जो कि कमाल की फॉर्म में बल्लेबाजी कर रहे हैं. इस सीरीज में भी किशन का बल्ला जमकर गरज रहा है. ऐसे में संजू के लिए टीम से बाहर होने का काउंटडाउन शुरू हो चुका है ये कहना गलत नहीं होगा.

