PAK vs AUS: ऑस्ट्रेलिया की टीम को पाकिस्तान के दौरे पर खेले गए पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है. टीम को भले ही इस मैच में 22 रनों से हार मिली लेकिन कंगारू स्पिन गेंदबाज एडम जम्पा ने एक बड़ा कमाल कर दिया है. जम्पा ने इस मैच में पाकिस्तानी बल्लेबाजों को अपनी फिरकी के जाल में फंसाते हुए 4 विकेट अपने नाम किए. 4 ओवर की गेंदबाजी में उन्होंने 24 रन खर्च करते हुए महज 6 की इकॉनमी से रन दिए. इस शानदार गेंदबाजी के प्रदर्शन के दम पर उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
One of the Player Movement Window’s biggest names, Adam Zampa made a statement overnight against Pakistan 👀 pic.twitter.com/VNBREahciQ
— KFC Big Bash League (@BBL) January 30, 2026
सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज
पहले टी20 मैच में 4 विकेट हासिल करते ही एडम जम्पा ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने पाक टीम के खिलाफ खेले 12 मैचों में 16 विकेट हासिल किए हैं. इसके दम पर उन्होंने मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ दिया है. पाकिस्तान के खिलाफ स्टार्क के नाम 9 मैचों में 15 विकेट हैं. इस पारी में उन्होंने सैम अयूब, सलमान आगा, बाबर आजम और उस्मान खान जैसे बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई. जम्पा ऑस्ट्रेलिया के लिए 109 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 138 विकेट हासिल किए हैं.
पहले टी20 में रन चेज नहीं कर पाई ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पहले टी20 में गेंदबाजी तो कमाल की रही लेकिन बल्लेबाजों ने निराश जरूर किया. पहले गेंदबाजी करते हुए टीम ने पाकिस्तान को 20 ओवरों में 168 रन बनाए. इसके बाद जब टीम लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी तो 20 ओवरों में महज 146 रन ही बना पाई. कैमरून ग्रीन ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 31 गेंदों में 36 रनों की पारी खेली. पाकिस्तान के लिए अबरार अहमद और सैम अयूब ने 2-2 विकेट चटकाए.

