IND vs NZ, Suryakumar Yadav-Sanju Samson: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला शनिवार, 31 जनवरी को तिरूवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले के लिए टीम इंडिया तिरूवनंतपुरम पहुंच गई है, जो स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का होम टाउन है. ऐसे में जब संजू तिरूवनंतपुरम पहुंचे तो उनका ग्रैंड वेलकम हुआ.
एयरपोर्ट पर कप्तान सूर्यकुमार यादव संजू के लिए बॉडीगार्ड का काम करते नजर आए और उनके लिए रास्ता खाली करते दिखाई दिए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आपकी भी हंसी छूट जाएगी.
संजू सैमसन के लिए बॉडीगार्ड बने कप्तान सूर्या
दरअसल, BCCI ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें तिरूवनंतपुरम एयरपोर्ट पर लैंड करते ही कप्तान सूर्यकुमार यादव लोकल ब्वॉय संजू सैमसन के लिए बॉडीगार्ड का काम करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में सूर्या को संजू के लिए रास्ता खाली करते देखा जा सकता है. इस दौरान सूर्या को कहते हैं, “कृपया रास्ता दें, चेट्टा (मलयालम में बड़े भाई) को परेशान न करें. कोई फोटो क्लिक नहीं करेगा. रास्ता दीजिए-रास्ता दीजिए.”
सूर्या के इस VIP ट्रीटमेंट को देखकर खुद संजू भी अपनी हंसी को नहीं रोक पाए. वहीं, सूर्या ने जब संजू से सवाल किया कि ‘गॉड्स ओन कंट्री’ में आकर कैसा लग रहा है? इसके जवाब में सैमसन ने कहा कि “यहां आकर हमेशा अच्छा लगता है लेकिन इस बार यहां आना स्पेशल है.” वहीं, एयरपोर्ट के बाहर फैंस संजू का जोरदार स्वागत करते हुए दिखाई देते हैं. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और फैंस को भी सूर्या का यह अंदाज खूब पसंद आ रहा है.
आखिरी टी20 में क्या संजू को मिलेगा मौका?
न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में संजू सैमसन अब तक अपने बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए हैं. सीरीज के शुरुआती चार मैचों में संजू सिर्फ 40 रन बना सके हैं. ऐसे में फैंस के मन में सवाल है कि क्या सैमसन को आखिरी टी20 मैच में खेलने का मौका मिलेगा? चूंकि यह संजू का होम ग्राउंड है और इसीलिए उन्हें इस मैच में मौका मिलने की संभावना अधिक है. वहीं, संजू भी इस मैच में अपने शानदार प्रदर्शन से आलोचकों की बोलती बंद करना चाहेंगे.

