UAE Cricket Team

T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए UAE ने किया टीम का ऐलान, 31 साल के दिग्गज खिलाड़ी को सौंपी कमान

UAE Squad For T20 World Cup 2026: ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने में अब बस कुछ ही दिनों का समय बचा है. भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी और सभी टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं. इस बीच संयुक्त अरब अमिरात (UAE) ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है, जिसकी कप्तानी अनुभवी खिलाड़ी मुहम्मद वसीम को सौंपी गई है. यूएई की टीम तीसरी बार इस टूर्नामेंट का हिस्सा लेने जा रही है. इससे पहले यूएई ने साल 2014 और 2022 के टी20 वर्ल्ड कप में खेला था.

मुहम्मद वसीम संभालेंगे UAE टीम की कमान

यूएई ने 30 जनवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया. इस टीम में 2022 टी20 वर्ल्ड कप में खेलने वाले तीन खिलाड़ियों को जगह दी गई है. इनमें मुहम्मद वसीम, अलीशान शरफू और जुनैद सिद्दीकी का नाम शामिल हैं. वसीम को यूएई टीम की कमान सौंपी गई है, जो अब तक 66 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी कर चुके हैं. इसके अलावा, टीम में भारत और पाकिस्तानी मूल के कई खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है.इसमें आर्यन शर्मा, मयंक कुमार और सिमरजीत सिंह का नाम प्रमुख है.

लालचंद राजपूत हैं टीम के हेड कोच

वहीं, यूएई टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी लालचंद राजपूत संभाल रहे हैं, जो 2007 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया के मैनेजर थे. वहीं, यूएई के सपोर्ट स्टाफ में पाकिस्तानी टीम के पूर्व खिलाड़ी यासिर अराफात भी शामिल हैं, जो तेज गेंदबाज कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. इसके अलावा, जिम्बाब्वे के स्टेनली चियोजा टीम के फील्डिंग कोच हैं.

न्यूजीलैंड से होगा पहला मुकाबला

यूएई क्रिकेट टीम ने एशिया और ईस्ट एशिया-पैसिफिक के क्वालिफायर में सुपर सिक्स मुकाबले में जापान को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी जगह पक्की की थी. यूएई को इस टूर्नामेंट में ग्रुप-डी में रखा गया है, जिसमें उसके साथ साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, कनाडा और अफगानिस्तान की टीम शामिल हैं. यूएई की टीम अपना पहला मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 फरवरी को चेन्नई के मैदान पर खेलेगी.

T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए UAE का स्क्वॉड

मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफु, आर्यन शर्मा, ध्रुव पराशर, हैदर अली, हर्षित कौशिक, जुनैद सिद्दीकी, मयंक कुमार, मुहम्मद अरफान, मुहम्मद फारूक, मुहम्मद जवादुल्लाह, मुहम्मद ज़ोहैब, रोहिद खान, सोहैब खान, सिमरनजीत सिंह.

ये भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर ICC का बड़ा ऐलान, IND vs PAK मैच के लिए इन दिग्गजों को सौंपी अहम जिम्मेदारी