SL vs ENG: श्रीलंका के दौरे पर इंग्लैंड की टीम का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. दोनों टीमें ट20 विश्व कप से पहले अपनी तैयारियों को पुख्ता करती हुई नजर आ रही है. पहले टी20 मुकाबले में इंग्लैंड की तरफ से सैम करन ने इतिहास रचने का काम किया. उन्होंने इस मुकाबले में घातक गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक हासिल करने का कारनामा किया है. सैम करन के लिए ये उनके इंटरनेशनल करियर की पहली हैट्रिक है. इसी के साथ वो इंग्लैंड के लिए टी20 इंटरनेशनल में ऐसा करने वाले दूसरे गेंदबाज बने. उनसे पहले साल 2024 टी20 विश्व कप में क्रिस जॉर्डन ने हैट्रिक लेने का कमाल किया था.
Sam Curran, you little ripper! ❤️ pic.twitter.com/CqGAoVXnPk
— England Cricket (@englandcricket) January 30, 2026
16वें ओवर में हासिल की हैट्रिक
सैम करन ने श्रीलंका की पारी के 16वें ओवर में हैट्रिक हासिल की है. उन्होंने इस ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर दसुन शनाका, महीष तीक्ष्णा और मथीशा पथिराना का विकेट हासिल करते हुए ये कारनामा किया है. टी20 विश्व कप से पहले उनका ये प्रदर्शन बाकी टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है. बारिश से बाधित मुकाबले में उन्होंने 3 ओवरों की गेंदबाजी करते हुए 38 देकर 1 विकेट हासिल किया. उनके इस प्रदर्शन के दम पर ही इंग्लैंड की टीम ने श्रीलंका को 133 रनों पर ही समेट दिया.
विश्व कप से पहले कमाल की लय में करन
सैम करन टी20 क्रिकेट में खेलते हुए इस समय बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं. इंग्लैंड के लिए खेलने से पहले वो बिग बैश में खेल रहे थे. सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 2 मैचों में 5 विकेट हासिल किए थे तो वहीं एक अर्धशतक भी जड़ा था. इससे पहले इंटरनेशनल टी20 लीग में उन्होंने कप्तानी करते हुए डेजर्ट वाइपर्स को चैंपियन बनाया था. उन्होंने फाइनल मैच में गेंद और बल्ले दोनों से कमाल करते हुए टीम को खिताब दिलाया था. करन का फॉर्म इंग्लिश टीम के लिए टी20 विश्व कप से पहले अच्छे संकेत माना जा रहा है.

