Khawlhring Lalremruata

मैच के दौरान हार्ट अटैक से भारतीय क्रिकेटर की मौत, 38 साल की उम्र ली अंतिम सांस

Khawlhring Lalremruata Passed Away: क्रिकेट जगत से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां मैच के दौरान अचानक एक खिलाड़ी की मौत हो गई. मिजोरम के पूर्व घरेलू क्रिकेटर खवलरिंग लालरेमरुआता को गुरुवार, 8 जनवरी को एक लोकल क्रिकेट मैच के दौरान स्ट्रोक आया और वह मैदान पर गिर पड़े. जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके. उनके निधन की खबर सामने आते ही मिजोरम की क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई.

बीच मैच आया हार्ट अटैक

38 साल के खवलरिंग लालरेमरुआता की गुरुवार को सिहमुई में आयोजित एक लोकल क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच के दौरान मौत हो गई. यह हादसा वेंघनुई रेडर्स क्रिकेट क्लब और चॉन्पुई ILMOV क्रिकेट क्लब के बीच खेले जा रहे मुकाबले के दौरान हुआ. लालरेमरुआता वेंघनुई रेडर्स की ओर से खेल रहे थे और मैच के दौरान उन्हें अचानक सांस लेने में परेशानी हुई और वे मैदान पर गिर पड़े.

इसके बाद तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया. रिपोर्ट्स के अनुसार, लालरेमरूता को मैच के दौरान स्ट्रोक आया था. हालांकि, वह पूरी तरह से फिट थे और ऐसे में उनके अचानक निधन से सभी हैरान हैं. BCCI ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताया है.

मिजोरम के लिए खेले थे रणजी ट्रॉफी

लालरेमरुआता मिजोरम क्रिकेट के एक जाने-माने खिलाड़ी थे. उन्होंने 2018 से 2022 के बीच मिजोरम के लिए 2 रणजी ट्रॉफी मैच खेले थे. उनका आखिरी रणजी मुकाबला साल 2022 में नागालैंड के खिलाफ था. लालरेमरुआता की करियर की बात करें तो उन्होंने मिजोरम के लिए 7 टी20 मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 87 रन बनाए. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 44 रन रहा. वहीं, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 2 मैचों की 4 पारियों में कुल 17 रन बनाए थे.

मिजोरम क्रिकेट संघ ने जताया शोक

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी लालरेमरुआता मिजोरम क्रिकेट से लगातार जुड़े हुए थे. वह सीनियर टूर्नामेंट में कमेटी सदस्य के तौर पर काम कर रहे थे. मिजोरम क्रिकेट संघ ने अपने आधिकारिक बयान में उनके निधन पर गहरा दुख जताया है. संघ ने राज्य क्रिकेट में उनके योगदान को याद करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

ये भी पढ़ें- कौन हैं आदित्य अशोक? जिन्हें न्यूजीलैंड की वनडे टीम में मिला मौका, भारत से है खास कनेक्शन