Abhimanyu Easwaran Bizarre Run Out in Ranji Trophy: क्रिकेट के मैदान पर आपने कई अजीब तरह के रन आउट देखे होंगे, लेकिन गुरुवार (22 जनवरी) को रणजी ट्रॉफी में एक ऐसा अजीबोगरीब रन आउट देखने को मिला, जिसने सबको हैरान कर दिया. भारतीय टेस्ट स्क्वॉड का हिस्सा रह चुके युवा बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन पानी पीने के चक्कर में रन आउट हो गए.
यह मजेदार वाक्या बंगाल और सर्विसेस के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में हुआ और 81 रन बनाकर अच्छी लय में दिख रहे कप्तान अभिमन्यु को पवेलियन लौटना पड़ा. वह शतक से सिर्फ 19 रन दूर थे. अभिमन्यु का यह अजीब तरीके से रन आउट सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं.
पानी पीने के चक्कर में रन आउट हुए अभिमन्यु ईश्वरन
दरअसल, रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन के एलीट राउंड के दूसरा स्टेज में बंगाल और सर्विसेस के बीच मुकाबला खेला जा रहा था. इस मैच में बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन शानदार बल्लेबाजी करते हुए 81 रन बनाकर सेट हो गए थे. वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपने 28वें शतक से सिर्फ 19 रन दूर थे, लेकिन तभी पारी के 41वें ओवर में अपनी एक गलती और खराब किस्मत की वजह से रन आउट हो गए.
सर्विसेज के तेज गेंदबाज आदित्य कुमार की फुल लेंथ गेंद पर सुदीप चटर्जी ने गेंदबाज की तरफ शॉट खेला. वहीं, नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े अभिमन्यु को लगा कि ओवर खत्म हो गया है. यही सोचकर अभिमन्यु क्रीज से बाहर निकल आए, शायद ड्रिंक्स ब्रेक के लिए. लेकिन तभी गेंद गेंदबाज के फॉलो-थ्रू में उनकी उंगलियों से टकराते हुए सीधे नॉन-स्ट्राइकर एंड के स्टंप्स पर जा लगी. फील्डिंग टीम ने तुरंत रन आउट की अपील कर दी. इसके बाद मामला थर्ड अंपायर के पास गया और उन्हें रन आउट करार दे दिया गया.
अभिमन्यु ने मानी अपनी गलती
वहीं, दिन का खेल खत्म होने के बाद ESPNcricinfo से बात करते हुए अभिमन्यु ने कहा, “मेरी पारी अच्छी चल रही थी, लेकिन जो गलती मुझसे हुई, उसने मुझे भी चौंका दिया.” उन्होंने आगे कहा, “कुछ लोगों को लग सकता है कि विरोधी टीम खेल भावना के तहत मुझे वापस बुला सकती थी, लेकिन ऐसा होने का कोई सवाल ही नहीं था. यह पूरी तरह मेरी गलती थी. मुझे लगा कि गेंदबाज ने गेंद पकड़ ली है और वह आगे बढ़ चुका है.”
गौरतलब है कि अभिमन्यु को 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान रोहित शर्मा के चोटिल होने पर टीम इंडिया में शामिल किया गया था. वह भारतीय टेस्ट स्क्वॉड का हिस्सा रहे, लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला. हालांकि, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने अब तक खेले 109 मैचों में 45.85 की औसत से 8136 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 27 शतक और 34 अर्धशतक निकले हैं.

