Aman Mokhade

16 पारी में एक हजार से ज्यादा रन, विदर्भ के इस खिलाड़ी ने बना डाला ये धांसू वर्ल्ड रिकॉर्ड

Vijay Hazare Trophy 2025-26: भारत का घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी का ये सीजन अब अपने अंतिम पड़ाव में पहुंच चुका है. विदर्भ और कर्नाटक के बीच खेले गए मैच में विदर्भ ने 6 विकेट से मैच अपने नाम करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. इस मैच में टीम के लिए अमन मोखाड़े ने कमाल का प्रदर्शन किया. इस पूरे सीजन उनका बल्ला जबरदस्त अंदाज में गरजता हुआ दिखा है जबकि पिछले साल टूर्नामेंट में उनको एक भी मैच खेलने का मौका तक नहीं मिल पाया था. 25 साल के अमन ने सेमीफाइनल के मैच में 122 गेंदों का सामना करते हुए 138 रनों की शानदार पारी खेली. इसी के साथ उन्होंने इस पारी के दम पर एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है.

लिस्ट ए में सबसे तेज एक हजार रन पूरे किए

इस मैच में अमन मोखाड़े ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए अपने लिस्ट ए करियर में एक हजार रन पूरे कर लिए हैं. इसी के साथ वो लिस्ट ए में सबसे कम पारियों में एक हजार रन पूरा करने वाले संयुक्त बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले ये रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के ग्रेमी पोलाक के नाम था लेकिन अब अमन भी संयुक्त रूप से लिस्ट में टॉप पर काबिज हो गए हैं. अमन ने लिस्ट ए में अब तक 17 मैच खेले हैं जिसकी 16 पारियों में उन्होंने 67.53 की औसत से 1013 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतकीय पारी खेली हैं तो वहीं 3 अर्धशतक भी जड़े हैं. 

इस सीजन टूर्नामेंट में जड़ दिए 5 शतक

अमन ने इस सीजन खेले 9 मैचों में धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए विदर्भ के लिए 5 शतक जड़े हैं. इस दौरान उन्होंने 97.62 की शानदार औसत से 781 रन बनाए हैं और वो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनके इस प्रदर्शन को देख टीम को उनसे फाइनल के मैच में भी इसी तरह से प्रदर्शन की उम्मीद होगी. फाइनल में भी अगर उनके बल्ले से शतक निकलता है तो वो टूर्नामेंट के एक सीजन में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन जाएंगे. 18 जनवरी को फाइनल का मुकाबला खेला जाएगा. विदर्भ की टीम को सौराष्ट्र या पंजाब में से किसी एक टीम के खिलाफ फाइनल में खेलने का मौका मिलेगा.

ये भी पढ़िए- T20 World Cup 2026 से पहले अफगानिस्तान को लगा झटका, टूर्नामेंट से बाहर हुआ ये स्टार तेज गेंदबाज