ashes series

क्या है एशेज सीरीज? 143 साल के पहले एक शोक संदेश से हुई थी शुरुआत, जानें ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड में से किसका रहा दबदबा

Ashes Series History, Australia vs England: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज यानी राख की जंग एक सदी से भी ज्यादा समय से चली आ रही है. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज को एशेज कहा जाता है और इसकी कहानी करीब 143 साल पुरानी है. एशेज सीरीज की शुरुआत साल 1882 में हुई थी और एक अखबार में छपे शोक संदेश ने इस ऐतिहासिक सीरीज को जन्म दिया था. वक्त के साथ-साथ यही शोक संदेश ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच क्रिकेट की सबसे बड़ी और सबसे मशहूर प्रतिद्वंद्विता की पहचान बन गया.

कैसे हुई थी एशेज सीरीज की शुरुआत?

दरअसल, एशेज सीरीज की शुरुआत साल 1882 में हुई थी, जब ऑस्ट्रेलिया की टीम इंग्लैंड दौरे पर गई थी. दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला टेस्ट मैच ओवल के मैदान पर खेला गया, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को उसके ही घर में धूल चटाई थी. यह पहली बार था जब इंग्लैंड को अपनी सरजमीं पर किसी टेस्ट मैच में हार झेलनी पड़ी थी. इस हार को इंग्लैंड की मीडिया ने इतना बड़ा झटका माना कि उसे “इंग्लिश क्रिकेट की मौत” तक कह दिया गया.

उस समय के अखबार ‘द स्पोर्ट्स टाइम्स’ ने अपनी रिपोर्ट में लिखा था कि “29 अगस्त, 1882 को ओवल में इंग्लिश क्रिकेट का देहांत हो गया और उसकी राख यानी “एशेज” को ऑस्ट्रेलिया ले जाया जाएगा. इसके बाद से ही ‘एशेज’ नाम मशहूर हो गया.

1883 में खेली गई थी पहली एशेज सीरीज

इसके बाद साल 1883 में इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई. दौरे से पहले इंग्लैंड के कप्तान इवो ब्लिंग ने कहा था कि वो एशेज वापस लेने जा रहे हैं. इंग्लिश मीडिया ने इसे “रीगेन द एशेज” नाम दिया. इस दौरे पर इंग्लैंड की टीम शानदार प्रदर्शन किया और तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली.

इतना ही नहीं, माना जाता है कि मेलबर्न में तीसरे टेस्ट के दौरान कुछ महिलाओं ने मैच में इस्तेमाल हुई स्टंप्स की गिल्लियों को जलाकर उसकी राख को एक छोटे से टेराकोटा कलश में डालकर इंग्लैंड टीम को गिफ्ट कर दिया और यहीं से प्रतिष्ठित एशेज ट्रॉफी की शुरुआत हुई. गौरतलब है कि असली ट्रॉफी आज भी लॉर्ड्स के एमसीसी म्यूजियम में रखी है और खिलाड़ियों को उसकी कॉपी दी जाती है.

एशेज सीरीज में अब तक किसका रहा दबदबा?

एशेज सीरीज में अब तक ऑस्ट्रेलिया का दबदबा देखने को मिला है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 74 एशेज सीरीज खेली जा चुकी हैं, जिसमें से ऑस्ट्रेलिया ने 36 बार जीत हासिल की है, जबकि इंग्लैंड ने 32 बार सीरीज अपने नाम की है. वहीं, 6 सीरीज ड्रॉ भी रही हैं. ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज 2025-26 में इंग्लैंड को 4-1 से करारी शिकस्त दी है. इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने साल 2017 से ही एशेज पर कब्जा बरकरार रखा है.

ये भी पढ़ें- Ashes 2025-26: एशेज पर ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत बरकरार, सिडनी टेस्ट में इंग्लैंड को 5 विकेट से चटाई धूल