Babar Azam BBL Viral Video: ऑस्ट्रेलिया में जारी बिग बैश लीग (BBL) में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की जमकर खिल्ली उड़ाई जा रही है. हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान को एक मैच के दौरान ‘रिटायर्ड आउट’ करवाया गया था. वहीं, अब पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को स्टीव स्मिथ ने बीच मैदान बेइज्जती कर दी.
बल्लेबाजी के दौरान स्मिथ ने बाबर को एक रन लेने से मना कर दिया. इससे पहले स्मिथ खराब फील्डिंग के चलते भी बाबर को फटकार लगाते हुए नजर आए. इन सबके बाद बाबर काफी नाराज दिखे और आउट होने के बाद अपना गुस्सा जाहिर किया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बाबर आजम की हुई घनघोर बेइज्जती!
दरअसल, शुक्रवार (16 जनवरी) को बिग बैश लीग का 37वां मुकाबला सिडनी सिक्सर्स और सिडनी थंडर के बीच खेला गया, जहां सिक्सर्स ने 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. वहीं, मैच के दौरान बाबर आजम और स्टीव स्मिथ के बीच एक मजेदार वाकया देखने को मिला. थंडर की पारी के 16वें ओवर में डेविड वॉर्नर के एक शॉट पर स्मिथ और बाबर के बीच तालमेल की कमी दिखी. दोनों के बीच गलतफहमी के चलते गेंद बाउंड्री के बाहर चली गई.
इस दौरान बाबर ने न ही डाइव लगाई और न ही गेंद रोकने की कोशिश की. जबकि रिप्ले में साफ नजर आया कि बाबर इस गेंद को आसानी से पकड़ सकते थे, जिसे देखकर स्मिथ भी हैरान रह गए. इसके थोड़ी देर बाद मैडिनसन ने ऐसा ही एक और शॉट खेला, लेकिन इस बार स्मिथ ने बाबर पर भरोसा न करते हुए खुद ही गेंद पकड़ ली. थंडर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 189 रनों का स्कोर खड़ा किया.
स्टीव स्मिथ ने सिंगल लेने से किया इनकार
वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिडनी सिक्सर्स के लिए स्मिथ और बाबर ने पारी की शुरुआत की. हालांकि, बाबर एक बार फिर रनों के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए. वहीं, 11वें ओवर में क्रिस ग्रीन की आखिरी गेंद पर बाबर ने लॉन्ग ऑन की तरफ शॉट खेला और रन के लिए दौड़ पड़े, लेकिन स्मिथ ने मना कर दिया. ओवर खत्म होते ही दोनों के बीच हल्की बहस भी देखने को मिली और बाबर काफी नाराज दिखे. वहीं, इसके बाद जब बाबर स्ट्राइक पर आए तो पहली ही गेंद पर आउट हो गए. डगआउट लौटे समय बाबर काफी गुस्से में नजर आए और जमीन पर बल्ला भी मारते दिखे.
हालांकि, बाबर ने इस मैच में 39 गेंदों पर 47 रन बनाए, जिसमें 7 चौके शामिल थे. वह नाथन मैकएंड्र्यू की गेंद पर बोल्ड हो गए. वहीं, स्टीव स्मिथ इस मैच के असली हीरो रहे और सिर्फ 42 गेंदों में तूफानी शतक जड़ दिया. उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक ओवर में 32 रन भी कूटे, जो बिग बैश लीग के इतिहास का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ. उनकी शानदार शतकीय पारी के दम पर सिडनी सिक्सर्स ने 17.2 ओवर में ही 5 विकेट पर 191 रन बनाकर मैच जीत लिया.

