BCB Removed Nazmul Islam: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर भारत से चल रहे विवाद के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बड़ा फैसला किया है. BCB ने नजमुल इस्लाम को फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन और निदेशक पद से बर्खास्त कर दिया है. बोर्ड ने यह फैसला खिलाड़ियों के बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) मैच बहिष्कार करने के बाद लिया है.
नजमुल ने क्रिकेटर्स के खिलाफ विवादित बयान दिया था और पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को ‘भारतीय एजेंट’ करार दिया था. इसके बाद बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने क्रिकेट के सभी मैचों के बहिष्कार का ऐलान किया और उन्हें पद से हटाने की मांग कर दी.
BCB ने नजमुल इस्लाम को निदेशक पद से हटाया
दरअसल, नजमुल इस्लाम ने हाल ही में एक विवादित बयान देते हुए कहा था कि अगर बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटता है तो इससे BCB को कोई आर्थिक नुकसान नहीं होगा. नुकसान खिलाड़ियों को उठाना पड़ेगा, क्योंकि उन्हें मैच फीस नहीं मिलेगी. इसके बाद नजमुल ने बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल के खिलाफ भी अपशब्द कहे थे. इसके बाद बांग्लादेश के सभी क्रिकेट खिलाड़ी बगाबत पर उतर आए और क्रिकेट मैचों के बहिष्कार का ऐलान कर दिया.
वहीं, क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश ने बड़ा कदम उठाते हुए नजमुल से इस्तीफे की मांग कर दी. उन्होंने साफ कहा कि जब तक नजमुल को उनके पद से नहीं हटाया जाएगा, तब तक खिलाड़ी कोई क्रिकेट मैच नहीं खेलेंगे. खिलाड़ियों के इसी अल्टीमेटम के आगे झुकते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई की और नजमुल इस्लाम को उनके पद से बर्खास्त कर दिया.
BCB ने जारी किया बयान
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा, “हाल के घटनाक्रमों की समीक्षा के बाद और संगठन के सर्वोत्तम हित में, बीसीबी अध्यक्ष ने नजमुल इस्लाम को फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन और निदेशक पद से से तत्काल प्रभाव से मुक्त करने का निर्णय लिया है.”
बीसीबी ने आगे कहा, “बीसीबी इस बात को दोहराता है कि क्रिकेटरों के हित उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं. बोर्ड अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी खिलाड़ियों के सम्मान और गरिमा को बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है.” इसके अलावा, बोर्ड उम्मीद करता है कि अब प्लेयर्स BPL में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश करेंगे.

