T20 World Cup 2026: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने गुरुवार, 22 जनवरी को बड़ा फैसला लेते हुए 7 फरवरी से होने वाले ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया है. बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने से साफ मना कर दिया है. हालांकि, भारत न जाने और ICC टूर्नामेंट का बहिष्कार करने के इस फैसले से बांग्लादेश क्रिकेट को आने वाले समय में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है. टी20 वर्ल्ड कप में न खेलने की वजह से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को भारी आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ सकता है.
BCB को होगा 240 करोड़ों से ज्यादा का नुकसान!
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप से बाहर रहता है तो BCB को करीब 240 करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है. यह रकम लगभग 325 करोड़ बांग्लादेशी टका या 27 मिलियन अमेरिकी डॉलर के बराबर है. दरअसल, बीसीबी को यह पैसा ICC की सालाना रेवेन्यू शेयरिंग से मिलता है, जो बोर्ड की कमाई का बहुत बड़ा हिस्सा होता है. लेकिन इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेने पर यह रकम BCB को नहीं मिलेगी.
ICC ने दिया था अल्टीमेटम
आईसीसी ने 21 जनवरी को बांग्लादेश को एक दिन का अल्टीमेटम देते हुए साफ कहा था कि या तो वह भारत जाकर टी20 वर्ल्ड कप खेले या फिर उसकी जगह किसी दूसरी टीम को मौका दिया जाएगा. ICC का कहना था कि भारत में खिलाड़ियों, अधिकारियों या फैंस की सुरक्षा को लेकर कोई खतरा नहीं है. बांग्लादेश को 22 जनवरी तक फैसला लेने का वक्त दिया गया था, लेकिन बीसीबी अपने जिद्द पर अड़ा रहा.
बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने गुरुवार को खिलाड़ियों के साथ हुई मीटिंग के बाद कहा कि बांग्लादेश की टीम टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं जाएगी. वहीं, अब बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया गया है. हालांकि, इस पर अभी तक ICC की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
BCCI भी दे सकती है बड़ा झटका
इस फैसले से BCB को सिर्फ ICC की रकम ही नहीं, बल्कि लाइव टेलीकास्ट और विज्ञापनों से होने वाली कमाई का भी नुकसान होगा. अनुमान है कि इस साल बोर्ड की कुल इनकम में करीब 60 फीसदी या उससे ज्यादा की गिरावट आ सकती है. इतना ही नहीं, खबरें हैं कि BCCI भी इसके जवाब में अगस्त-सितंबर में होने वाला बांग्लादेश दौरा रद्द कर सकता है.
अगर भारत सीरीज खेलने से मना करता है तो बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को एक और बड़ा झटका लग सकता है. बता दें कि, भारतीय टीम का यह दौरा साल 2025 में होना था, लेकिन तब बीसीसीआई ने इसे एक साल के लिए टाल दिया था. बांग्लादेश ने हाल ही में भारत के इस दौरे का शेड्यूल जारी किया था, लेकिन अब यह दौरा होना मुश्किल नजर आ रहा है.

