Bangladesh qualify for Women’s T20 World Cup 2026: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने 7 फरवरी से शुरू होने वाले मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत आने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद ICC ने बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को दे दी. हालांकि, आईसीसी के इस फैसले पर बवाल मचा हुआ है. इसी बीच बांग्लादेश क्रिकेट फैंस के लिए एक राहत देने वाली खबर सामने आई है. बांग्लादेश ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टिकट हासिल कर लिया है.
बांग्लादेश ने महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए किया क्वालीफाई
बांग्लादेश महिला टीम ने ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है. बांग्लादेश की टीम ने सुपर-6 मुकाबले में थाईलैंड को 39 रनों से हराकर इस साल इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले T20 वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर ली. नेपाल के मुलपानी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट पर 165 रनों का स्कोर खड़ा किया था.
इसके जवाब में उतरी थाईलैंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 126 रन ही बना सकी. बांग्लादेश ने महिला टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर में दमदार प्रदर्शन किया और अपने सभी मैच जीतकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टिकट हासिल किया है. बांग्लादेश के अलावा, नीदरलैंड्स की महिला टीम ने भी T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है. नीदरलैंड्स की टीम पहली बार महिला T20 वर्ल्ड कप में जगह बनाने में सफल रही है.
कब शुरू होगा महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026?
महिला वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 12 जून से 5 जुलाई तक इंग्लैंड और वेल्स में होगा. इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें से 8 टीमें पिछले T20 वर्ल्ड कप 2024 और T20I रैंकिंग के आधार पर पहले से क्वालिफाई हैं, जबकि 4 टीमें क्वालिफायर के जरिए जगह बनाएंगी. बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के क्वालिफाई करने के साथ अब 10 टीमें तय हो चुकी हैं और अब सिर्फ 2 टीमों का क्वालिफाई करना बाकी है. बता दें कि, महिला वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी.

