BBL 2025-26 Final: पर्थ स्कॉर्चर्स ने बिग बैश लीग 2025-26 सीजन का खिताब अपने नाम कर लिया है. रविवार, 25 जनवरी को खेले गए फाइनल मुकाबले में पर्थ स्कॉर्चर्स ने सिडनी सिक्सर्स को 6 विकेट से हराकर रिकॉर्ड छठी बार BBL का खिताब जीता. पर्थ के मैदान पर हुए इस खिताबी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिडनी की टीम 132 रन पर ऑलआउट हो गई थी.
इसके जवाब में पर्थ की टीम ने 17.3 ओवर में ही 4 विकेट पर 133 रन बनाकर मैच जीत लिया. स्कोर्चर्स की ओर से मिचेल मार्श ने शानदार पारी खेली, जबकि सिडनी के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ का बल्ला नहीं चला.
फाइनल में नहीं चला स्टीव स्मिथ का बल्ला
इस मुकाबले में पर्थ स्कॉर्चर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जो टीम के लिए सही साबित भी हुआ. पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिडनी सिक्सर्स की शुरुआत बेहद खराब रही. ओपनर डेनियल ह्यूज सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं, स्टीव स्मिथ 13 गेंदों में सिर्फ 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. स्मिथ के आउट होते ही सिक्सर्स की पारी लड़खड़ा गई.
जॉश फिलिप और मोइसेस हेनरिक्स ने 24-24 रन जोड़े, जबकि लैकलन शॉ सिर्फ 14 रन बनाकर चलते बने. इसके अलावा, कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका. आखिर में जोएल डेविस ने 14 गेंदों में 19 रन बनाकर स्कोर को 130 के पार पहुंचाया. सिडनी की टीम पूरे 20 ओवर खेलकर 132 रन पर ऑलआउट हो गई. वहीं, स्कॉर्चर्स की ओर से डेविड पेन और झाय रिचर्डसन ने 3-3 विकेट झटके. जबकि महली बेयरडमैन ने 2 और आरोन हार्डी ने एक विकेट लिया.
मिचेल मार्श ने खेली शानदार पारी
133 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पर्थ स्कॉर्चर्स की शुरुआत शानदार रही. फिन एलन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 36 रन बनाए. वहीं, मिचेल मार्श ने 43 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों के साथ 44 रनों की शानदार पारी खेली. उनके अलावा, विकेटकीपर बल्लेबाज जॉश इंग्लिस ने 26 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए. स्कॉर्चर्स की टीम ने 17.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 133 रन बनाकर मैच 6 विकेट से अपने नाम कर लिया.
सिडनी सिक्सर्स की ओर से सीन एबॉट ने 2 विकेट लिए, जबकि मिचेल स्टार्क और जैक एडवर्ड्स को 1-1 सफलता मिली. बता दें कि, पर्थ स्कॉर्चर्स ने छठी बार BBL का खिताब जीता है. इससे पहले स्कॉर्चर्स की टीम ने साल 2014, 2015, 2017, 2022 और 2023 में ट्रॉफी अपने नाम की थी.

