Donovan Ferreira shoulder got fractured in SA 20 ahead of T20 World Cup 2026

T20 World Cup से पहले साउथ अफ्रीका की टीम को लगा बड़ा झटका, धाकड़ ऑलराउंडर हुआ चोटिल

T20 World Cup 2026: साउथ अफ्रीका में इन दिनों SA 20 की धूम देखने को मिल रही है. टी2 विश्व कप से पहले साउथ अफ्रीका के सभी खिलाड़ी टूर्नामेंट में अपनी तैयारियों को पुख्ता कर रहे हैं. इसी बीच टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है. टीम के स्टार ऑलराउंडर डोनोवन फरेरा साउथ अफ्रीका फ्रेंचाइजी लीग में खेलते हुए चोटिल हो गए हैं. उनके कंधे में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आ रही है. ऐसे में अब वो पूरी लीग से बाहर हो गए हैं. इस चोट के चलते अब टी20 विश्व कप 2026 में उनके खेलने पर भी सस्पेंस बन गया है.

मैच की आखिरी गेंद पर हुए चोटिल

जोहानिसबर्ग सुपर किंग्स और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच खेले गए मुकाबले की पहली पारी की आखिरी गेंद पर डोनोवन फरेरा को चोट लगी है. फील्डिंग करते हुए वो डाइव लगाकर बाउंड्री रोकने का प्रयास कर रहे थे लेकिन इस दौरान उनकी लैंडिंग सही नहीं हो पाई और कंधे को चोटिल कर बैठे. ईएसपीएन क्रिकइंफो के हवाले से सामने आ रही जानकारी के अनुसार उनके कंधे में फ्रैक्चर हो गया है. इसके बाद वो जोहानिसबर्ग सुपर किंग्स के लिए बल्लेबाजी करने के लिए भी उतरे लेकिन एक गेंद ही खेल पाए और रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ दिया. 

टी20 विश्व कप खेलने पर सस्पेंस

7 फरवरी से टी20 विश्व का आयोजन होने जा रहा है. इसको लेकर अब महज कुछ हफ्तों का समय ही रह गया है. ऐसे में डोनोवन फरेरा के लिए इस छोटे समय में रिकवर होना मुश्किल ही लग रहा है. अगर वो टी20 विश्व कप के लिए पूरी तरह से फिट नहीं हो पाते हैं तो साउथ अफ्रीका के लिए ये एक बड़ा झटका होगा. टी20 में उनके आंकड़े बेहद ही कमाल के हैं और अंतिम ओवरों में उनको ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है. हाल ही में हुए भारत के दौरे पर भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया था. अगर वो टूर्नामेंट से बाहर हो जाते हैं तो उनकी जगह ट्रिस्टन स्टब्स को टीम में शामिल किया जा सकता है.

ये भी पढ़िए- T20 World Cup 2026: ‘नहीं मानी बात तो…’, बांग्लादेश पर सख्त हुआ ICC, दे दिया अल्टीमेटम!