WPL 2026: एशले गार्डनर की कप्तानी वाली गुजरात जायंट्स की टीम ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में कमाल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की है. गुजरात के लिए ये जीत कई मायनों में खास रही क्योंकि टीम ने विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में पहली बार मुंबई को धूल चटाई और इसी के साथ इस सीजन के एलिमिनेटर में भी अपनी जगह पक्की कर ली है. पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम ने 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 167 रनों का स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में मुंबई की टीम 156 रन ही बना सकी. टीम के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आखिरी तक लड़ाई लड़ी लेकिन उनको किसी और बल्लेबाज का साथ नहीं मिल पाया, जिसके चलते टीम को 11 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
हरमनप्रीत की बेहतरीन पारी पर फिरा पानी
मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. उन्होंने 48 गेंदों का सामना करते हुए 82 रनों की नाबाद पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 170 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 8 चौके और 4 छक्के जड़े. इसके बाद भी वो टीम को जीत नहीं दिला सकीं. कप्तान के अलावा मुंबई का कोई और बल्लेबाज 125 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से रन नहीं बना सका और यही टीम की हार का कारण भी बना. इस धमाकेदार पारी के दम पर हरमनप्रीत कौर ने इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज भी बन गई हैं. अब उनके नाम 8 मैचों में 68.40 की औसत से 342 रन हो गए हैं.
गुजरात ने पहली बार मुंबई को हराया
गुजरात जायंट्स की टीम ने विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में पहली बार मुंबई इंडियंस को पटखनी दी है. इससे पहले दोनों टीमों के बीच 8 मैच खेले गए थे, जिसमें से हर बार मुंबई ने जीत दर्ज की थी. गुजरात की टीम इस अहम मैच में मुंबई से हर मामले में आगे नजर आई. टीम के लिए कप्तान एशले गार्डनर और 28 गेंदों में 46 रनों की पारी खेली तो वहीं जॉर्जिया वेयरहैम का भी बखूबी साथ मिला. वेयरहैम ने 26 गेंदों का सामना करते हुए 44 रनों की नाबाद पारी खेली. साथ ही गेंदबाजी करते हुए भी उन्होंने 2 विकेट चटकाए. गार्डनर इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में 5वे नंबर पर पहुंच गई हैं.

