Harry Brook Fined for Nightclub Incident: एशेज 2025-26 सीरीज के खत्म होने के बाद इंग्लैंड के वनडे और टी20 कप्तान हैरी ब्रूक ने नाइट क्लब कांड को लेकर माफी मांगी है. यह घटना एशेज से पहले इंग्लैंड के न्यूजीलैंड दौर के दौरान हुई थी, जिसको लेकर टीम को काफी आलोचना भी झेलनी पड़ी.
दरअसल, ब्रूक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन वनडे से एक रात पहले क्लब में एंट्री न मिलने पर बाउंसर के साथ मारपीट की थी. इस मामले में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने उनपर भारी जुर्माना लगाया है और उन्हें लास्ट वार्निंग भी दी गई है.
हैरी ब्रूक ने नाइट क्लब कांड पर मांगी माफी
टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन वनडे से एक रात पहले क्लब में एंट्री न मिलने के बाद इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल कप्तान हैरी ब्रूक और बाउंसर के बीच झगड़ा हुआ था. इस दौरान ब्रूक ने बाउंसर को मारा था. इसका खुलासा ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड की 4-1 से एशेज सीरीज हार के बाद हुआ है, जब टीम के कल्चर की आलोचना हो रही है. इंग्लिश टीम पर ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान नूसा में ज्यादा शराब पीने के आरोप भी लगे हैं. हालांकि, ब्रूक ने नाइट क्लब कांड को लेकर माफी मांग ली है.
ब्रूक ने अपने बयान में कहा, “मैं अपने एक्शन के लिए माफी मांगना चाहता हूं. मैं पूरी तरह मानता हूं कि मेरा व्यवहार गलत था और इससे मुझे और इंग्लैंड टीम दोनों को शर्मिंदगी हुई. इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करना सबसे बड़ा सम्मान है, जिसे मैं गंभीरता से लेता हूं और मुझे अपने टीम के साथियों, कोचों और समर्थकों को निराश करने का बहुत दुख है. मुझे जिम्मेदार, पेशेवर रहने और देश का प्रतिनिधित्व करते हुए गरिमा बनाए रखने का सबक मिला है.”
ब्रूक ने आगे कहा, “मैं इस गलती से सीखने और भविष्य में मैदान के अंदर और बाहर अपने काम से भरोसा बनाने का इरादा रखता हूं. मैं बिना किसी शर्त के माफी मांगता हूं और यह पक्का करने के लिए कड़ी मेहनत करूंगा कि ऐसा दोबारा न हो.”
ECB ने ठोका जुर्माना
ऐसे में नाइट क्लब कांड पर कड़ा एक्शन लेते हुए इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने हैरी ब्रूक पर इस बर्ताव के लिए उन पर लगभग 30,000 पाउंड यानी 36 लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना लगाया गया है. इसके साथ ही उन्हें लास्ट वार्निंग भी दी गई है. इस पूरे मामले पर इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने अपना जारी कर कहा, “हमें इस घटना की जानकारी है और इसे एक आधिकारिक और गोपनीय ईसीबी अनुशासनात्मक प्रक्रिया के जरिए सुलझा लिया गया है. इसमें शामिल खिलाड़ी ने माफी मांगी है और माना है कि इस मौके पर उनका व्यवहार उम्मीदों के मुताबिक नहीं था.”
गौरतलब है कि घटना वाली रात ब्रूक और टीम के साथी जैकब बेथेल को सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में शराब पीते हुए भी देखा गया था. इंग्लैंड के क्रिकेट डायरेक्टर रॉब की ने चौथे एशेज टेस्ट से पहले बताया कि उन्होंने ब्रूक और बेथेल से न्यूजीलैंड में उनके बर्ताव के बारे में बात भी की थी.

