T20 World Cup 2026, IND vs PAK ICC Match Officials: भारत और श्रीलंका की सयुंक्त मेजबानी में 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने जा रहा है. इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. दुनिया भर के क्रिकेट फैंस इस हाई वोल्टेज मुकाबले का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
इससे पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ग्रुप स्टेज के मुकाबलों के लिए मैच ऑफिशियल्स के नामों का ऐलान कर दिया है, जिसमें कुल 24 ऑन-फील्ड अंपायर और 6 मैच रेफरी शामिल हैं. इसमें भारत-पाकिस्तान मैच में फील्ड अंपायर की भूमिका निभाने वाले दो अनुभवी और दिग्गज अंपायरों का नाम भी बताया गया है.
भारत-पाकिस्तान मैच में ये दो दिग्गज होंगे फील्ड अंपायर
ICC ने 30 जनवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज मुकाबलों के लिए मैच ऑफिशियल्स के नामों का ऐलान किया. सुपर 8 और नॉकआउट स्टेज के लिए ऑफिशियल्स की घोषणा जल्द ही की जाएगी. भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले महत्वपूर्ण ग्रुप स्टेज मैच में श्रीलंका के दिग्गज अंपायर कुमार धर्मसेना और इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ ऑन-फील्ड अंपायर की भूमिका में नजर आएंगे.
धर्मसेना के पास अंपायरिंग का अच्छा-खासा अनुभव है. 1996 में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली श्रीलंकाई टीम के सदस्य रहे धर्मसेना ने टी20 वर्ल्ड कप में 37 मैचों में अंपायरिंग की है, जिसमें 2016 और 2022 के फाइनल भी शामिल हैं. वहीं, रिचर्ड इलिंगवर्थ के पास भी इंटरनेशनल क्रिकेट में अंपायरिंग का अच्छा अनुभव है. उन्होंने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भी अंपायरिंग की थी.
ओपनिंग मैच में होंगे ये ऑफिशियल्स
वहीं, कुमार धर्मसेना और वेन नाइट्स कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान में पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच होने वाले ओपनिंग मैच में अंपायर की भूमिका निभाएंगे. वहीं, कोलकाता में टूर्नामेंट के पहले दिन नितिन मेनन और सैम नोगजस्की स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज के बीच ग्रुप सी के मुकाबले में अंपायरिंग करेंगे. वहीं, भारत और अमेरिका के बीच 7 फरवरी को मुंबई में मुलाकात होगी, जिसमें पॉल राइफल और रॉड टकर को ऑन-फील्ड अंपायर नियुक्त किया गया है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज मैचों के लिए ICC ऑफिशियल्स
मैच रेफरी: डीन कॉस्कर, डेविड गिल्बर्ट, रंजन मदुगल्ले, एंड्रयू पाइक्रॉफ्ट, रिची रिचर्डसन, जावगल श्रीनाथ.
अंपायर: रोलैंड ब्लैक, क्रिस ब्राउन, कुमार धर्मसेना, क्रिस गैफनी, एड्रियन होल्डस्टॉक, रिचर्ड इलिंगवर्थ, रिचर्ड केटलबोरो, वेन नाइट्स, डोनोवन कोच, जयरमन मदनगोपाल, नितिन मेनन, सैम नोगाजस्की, केएनए पद्मनाभन, अल्लाहुद्दीन पालेकर, अहसान रजा, लेस्ली रीफर, पॉल रीफेल, लैंगटन रूसेरे, शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, गाजी सोहेल, रॉड टकर, एलेक्स व्हार्फ, रवीन्द्र विमलासिरी, आसिफ याकूब.

