T20 World Cup 2026: 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त की मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर ड्रामा खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की नौंटकी जारी है. वर्ल्ड कप के शुरू होने में अब बस कुछ ही दिनों का वक्त बचा है, लेकिन पाकिस्तान ने अभी तक टूर्नामेंट में खेलने पर हामी नहीं भरी है. इसी बीच एक रिपोर्ट सामने आई है कि अगर पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से हटता है तो बांग्लादेश की दोबारा से टूर्नामेंट में वापसी हो सकती है.
पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप में खेलने पर अब भी सस्पेंस
दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी हिस्सेदारी कन्फर्म नहीं की है. PCB के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने सोमवार को PM प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात के बाद भी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खेलने पर अंतिम फैसला नहीं सुनाया है. उनका कहना है कि पीसीबी ने अभी सारे विकल्प खुले रखे हैं और वे शुक्रवार या सोमवार तक बताएंगे कि पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप में खेलेगी या नहीं.
हालांकि, पाकिस्तान ने अपनी टी20 वर्ल्ड कप टीम का ऐलान कर दिया है और उसके सभी मैच श्रीलंका में खेलने जाने हैं, लेकिन इसके बावजूद टीम के खेलने पर अभी सस्पेंस बरकरार है. यानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अब भी टी20 वर्ल्ड कप का बॉयकॉट कर सकता है.
Some things never change in Pakistan Cricket Board. pic.twitter.com/U2acDDpdc4
— Vimal कुमार (@Vimalwa) January 26, 2026
पाकिस्तान के बाहर होत ही बांग्लादेश की हो सकती है वापसी
खबरें हैं कि अगर पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप का बॉयकॉट करता है तो उसकी जगह बांग्लादेश की दोबारा से टूर्नामेंट में वापसी हो सकती है. हिन्दुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्र ने बताया है कि “अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटने का फैसला करता है तो बांग्लादेश को ग्रुप ए में उनकी जगह खेलने का मौका दिया जाएगा और वह अपने सभी मैच श्रीलंका में खेल सकेगा. इस व्यवस्था से लॉजिस्टिक्स से जुड़ी परेशानियां भी नहीं होंगी.”
गौरतलब है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) शुरू से ही मांग कर रहा था कि उसके मैच श्रीलंका में कराए जाए, क्योंकि वो भारत में नहीं खेलना चाहते हैं. इसके लिए बांग्लादेश ग्रुप भी बदलने के लिए तैयार था. ऐसे में पाकिस्तान के बाहर होने से बांग्लादेश की एंट्री हो सकती है.
ICC ने दी पाकिस्तान को चेतावनी
बताया जा रहा है पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से हटने के साथ-साथ 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत के खिलाफ मुकाबले का भी बहिष्कार करने का विचार कर रहा है. हालांकि, आईसीसी ने पाकिस्तान को चेतावनी दे दी है कि अगर पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप में खेलने से इनकार किया तो उस पर बहुत सारे प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं. इसके साथ ही पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) पर भी संकट आ सकता है. अब देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने को लेकर क्या फैसला करता है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान का स्क्वॉड
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आज़म, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफ़ाय (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्ज़ा, नसीम शाह, साहिबज़ादा फरहान (विकेटकीपर), साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारीक.

