T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होना है. लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम को भारत न भेजने के जिद्द पर अड़ा है. बांग्लादेश ने अपने सभी मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी. हालांकि, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने BCB की इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया है और टूर्नामेंट में हिस्सा लेने को लेकर 24 घंटे का अल्टिमेटम दे दिया है.
आईसीसी ने साफ कहा है अगर बांग्लादेश भारत आने से इनकार करता है, तो उसकी जगह किसी दूसरी टीम को मौका दिया जा सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कॉटलैंड इस रेस में सबसे आगे बताया जा रहा है.
T20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश की होगी छुट्टी
बांग्लादेश क्रिकेट टीम अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने की कगार पर है. ICC ने टी20 वर्ल्ड कप के अपने मैच भारत से बाहर कराने की BCB की मांग को खारिज कर दिया है. सभी सदस्यों की मौजूदगी में हुई एक इमरजेंसी बोर्ड मीटिंग में यह फैसला लिया गया कि बांग्लादेश के इस अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा. आईसीसी ने बीसीबी से कहा है कि वह 24 घंटे के अंदर यह साफ करे कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी या नहीं.
दरअसल, आईसीसी के 16 सदस्यीय बोर्ड में इस फैसले को वोटिंग के जरिए पास किया गया. सिर्फ दो सदस्यों को छोड़कर बाकी सभी ने टी20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल में किसी भी तरह के बदलाव के खिलाफ वोट किया. बोर्ड के इस अंतिम फैसले के बाद 7 फरवरी से 8 मार्च तक होने वाला वर्ल्ड कप अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक ही खेला जाएगा.
ICC ने BCB को दिए आखिरी 24 घंटे, नहीं माना तो T20 से बाहर: सूत्र
— News24 (@news24tvchannel) January 21, 2026
◆ ICC बोर्ड ने बांग्लादेश के अपने मैचों को स्थानांतरित करने के अनुरोध को अंतिम रूप से खारिज कर दिया
◆ ICC के 2 सदस्य-पाक और बांग्लादेश को छोड़कर बाकी सभी सदस्यों ने बांग्लादेश के अनुरोध के खिलाफ वोट किया
◆… pic.twitter.com/Zo8R70iux0
स्कॉटलैंड की होगी एंट्री!
आईसीसी की इस बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि अगर बांग्लादेश टूर्नामेंट से बाहर होता है, तो उसकी जगह किसी दूसरी टीम को शामिल किया जाए या नहीं. इस पर ज्यादातर सदस्य सहमत नजर आए. माना जा रहा है कि आईसीसी जल्द ही बांग्लादेश के बाहर होने और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का आधिकारिक ऐलान कर सकती है. स्कॉटलैंड की टीम यूरोपियन क्वालीफायर में खेली थी, लेकिन वहां नीदरलैंड्स, इटली और जर्सी ने बाजी मारकर टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया था.
हालांकि, अब रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड बांग्लादेश को रिप्लेस करने का मजबूत दावेदार माना जा रहा है. बीसीबी के पास अब सिर्फ 24 घंटे हैं. अगर बोर्ड तय वक्त के अंदर टीम को भारत भेजने का फैसला करता है, तभी बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट में खेल पाएगी, नहीं तो उनका बाहर होना लगभग तय है.

