Vaibhav Suryavanshi

वैभव सूर्यवंशी ने हैरतअंगेज कैच पकड़कर पलट दिया मैच, फैंस को याद आए सूर्यकुमार यादव, देखें VIDEO

U19 World Cup 2026, Vaibhav Suryavanshi Catch Video: ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार (17 जनवरी) को खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने बांग्लादेश के जबड़े से जीत छीन ली. बारिश से प्रभावित इस मैच में बांग्लादेश को जीत के लिए 29 ओवर में 165 रन का लक्ष्य मिला था. एक समय ऐसा लग रहा था कि बांग्लादेशी टीम यह मैच आसानी से जीत लेगी.

लेकिन आखिरी ओवरों में कहानी पूरी तरह से बदल गई और भारत ने 18 रनों से शानदार जीत दर्ज की. वहीं, इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने एक हैरतअंगेज कैच पकड़ा, जिसने मैच का रुख ही बदल दिया. वैभव के इस कैच को देखकर फैंस को सूर्यकुमार यादव की याद आ गई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वैभव सूर्यवंशी ने पकड़ा SKY जैसा कैच

इस मुकाबले में बांग्लादेश की टीम काफी मजबूत दिख रही थी और उसे जीत के लिए 47 गेंदों पर सिर्फ 59 रन चाहिए थे और उनके 7 विकेट बाकी थे. इसके बावजूद टीम ने 40 रन के अंदर अपने 7 विकेट गंवा दिए और भारत ने रोमांचक जीत दर्ज की. भारत की इस जीत में स्पिनर्स के साथ-साथ जबरदस्त फील्डिंग का भी बड़ा रोल रहा. इसमें वैभव सूर्यवंशी का एक गजब का कैच देखने को मिला, जिसने मैच का पासा पलट दिया.

दरअसल, यह कैच बांग्लादेश की पारी के 25वें ओवर की दूसरी गेंद पर आया. विहान मल्होत्रा की गेंद पर समियुन बसीर रतुल ने बड़ा शॉट खेला, लेकिन लॉन्ग ऑफ पर खड़े वैभव ने इस एक शानदार कैच में बदल दिया. उन्होंने पहले गेंद को पकड़ा, फिर बाउंड्री पार होने से पहले हवा में उछाल दिया और बाहर जाकर दोबारा कैच पकड़ लिया. यह कैच गेम-चेंजर साबित हुआ.

वैभव का यह कैच देखकर फैंस को सूर्यकुमार यादव की याद आ गई. सूर्या ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में हार्दिक पांड्या की गेंद पर साउथ अफ्रीका के डेविड मिलर का ऐसा ही कैच पकड़ा था. सूर्यकुमार यादव का यह कैच गेम-चेंजर साबित हुआ और भारतीय टीम दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करने में कामयाब रही.

वैभव ने फिर बल्ले से मचाया धमाल

बांग्लादेश के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी ने फील्डिंग के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी धमाल मचाया. उन्होंने 67 गेंदों में 72 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के जड़े. यह पारी उन्होंने तब खेली जब बाकी भारतीय बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे. वहीं, अभिज्ञान कुंडू ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 80 रन बनाए.

इन दोनों की पारियों की बदौलत भारत ने 238 रनों का स्कोर खड़ा किया. हालांकि, बारिश की वजह से बांग्लादेश को DLS मेथड के तहत 29 ओवर में 165 रन का टारगेट मिला. लेकिन बांग्लादेशी टीम 146 रन ही बना सकी और भारत ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की. इससे पहले भारत ने पहले मुकाबले में यूएसए को 6 विकेट से हराया था.

ये भी पढ़ें- WPL में स्मृति मंधाना ने रचा नया कीर्तिमान, हरमनप्रीत कौर को पछाड़ ऐसा करने वाली बन गईं नंबर-1 भारतीय