IND vs NZ, U19 World Cup 2026: आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप में जीत की हैट्रिक लगा दी है. भारत ने शनिवार को अपने तीसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से करारी मात दी. बुलावेयो में खेले गए इस मुकाबले में बारिश ने खलल डाला और मैच 37-37 ओवरों का कर दिया गया. इसके बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 135 रन पर ऑलआउट हो गई.
हालांकि, DLS मेथड के तहत भारत को जीत के लिए 130 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने सिर्फ 13.3 ओवर में ही 3 विकेट पर हासिल कर लिया. भारत की इस जीत में वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने अहम भूमिका निभाई. वैभव ने 40 रन बनाए, जबकि म्हात्रे ने 53 रनों की शानदार पारी खेली.
135 रनों पर सिमटी न्यूजीलैंड की टीम
इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जो सही साबित भी हुआ. बारिश की वजह से यह मुकाबला 37 ओवर का कर दिया गया था. पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और पूरी टीम 36.2 ओवर में सिर्फ 135 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज आर्यन मान 21 गेंदों में सिर्फ 5 रन ही बना सके, जबकि ह्यूगो बोग ने 5 गेंदों में 4 रन बनाए.
वहीं, कप्तान टॉम जोन्स भी कुछ खास नहीं कर पाए और 10 गेंदों में सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद विकेटकीपर मार्को विलियम अल्पे मात्र एक रन बनाकर चलते बने. हालांकि, जैकब कॉटर ने 47 गेंदों में 23 रन और कैलम सैमसन ने 48 गेंदों में 37 रनों की पारी खेली. उनके अलावा, सेलविन संजय ने 28 रन जोड़े. वहीं, भारत की ओर से आरएस अंबरीश ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट झटके. उनके अलावा, हेनिल पटेल ने भी शानदार प्रदर्शन किया और 7.2 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए.
वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे ने खेली तूफानी पारी
न्यूजीलैंड ने 135 रन बनाए, लेकिन DLS मेथड के तहत भारत को जीत के लिए 130 रनों का लक्ष्य मिला. लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. आरोन जॉर्ज 6 गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि, इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे ने मोर्चा संभाला. वैभव ने 23 गेंदों में 40 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे. वहीं, आयुष म्हात्रे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा और 27 गेंदों में 53 रन ठोक दिए. अपनी पारी में उन्होंने 2 चौके और 6 छक्के लगाए.
दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 39 गेंदों पर 75 रनों की अहम साझेदारी की और भारत को जीत के करीब पहुंचा दिया. आखिर में विहान मल्होत्रा ने नाबाद 17 रन और वेदांत त्रिवेदी ने नाबाद 13 रन बनाए. इस तरह भारत ने 13.3 ओवर में 130 रन बनाकर मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया. यह भारत की इस टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत है. इससे पहले भारत ने यूएसए और बांग्लादेश को हराया था.

