IND U19 vs SCO U19

IND U19 vs SCO U19: वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ी स्कॉटलैंड, टीम इंडिया ने 121 रनों से जीता वार्म अप मैच

IND U19 vs SCO U19: अंडर 19 टीम इंडिया इन दिनों गजब के फॉर्म में नजर आ रही है. भारतीय टीम ने आयुष म्हात्रे की कप्तानी में अंडर 19 विश्व की तैयार जोर शोर से शुरू कर दी है. अंडर 19 वनडे विश्व कप का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और इसके लिए वार्म अप मैचों की शुरुआत भी हो चुकी है. भारतीय टीम ने बारिश से बाधित मैच में स्कॉटलैंड के खिलाफ 121 रनों से जीत हासिल कर ली है. टीम के सामने 24 ओवरों में 234 रनों का लक्ष्य था लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने टीम स्कॉटलैंड के बल्लेबाज फ्लॉप नजर आए और महज 112 रनों पर ही ढेर हो गए. भारत के लिए एक बार फिर से 14 साल के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी का बल्ला गरजता हुआ नजर आया. उन्होंने इस मैच में 96 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसके दम पर टीम इंडिया ने 50 ओवरों में 374 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. 

भारतीय बल्लेबाजों ने दिखाया दम

स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में भारत के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. टीम ने 50 ओवरों का भरपूर इस्तेमाल करते हुए 374 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. भारतीय बल्लेबाजी यूनिट की अगुवाई वैभव सूर्यवंशी ने संभाली. उन्होंने 50 गेंदों का सामना करते हुए तूफानी 96 रन बना डाले. इसके अलावा मैच में एरोन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा और अभिज्ञान कुंदू ने भी अर्धशतक जड़े. वैभव की पारी सबसे ज्यादा खास रही क्योंकि उन्होंने स्कॉटलैंड के गेंदबाजों की क्लास लगाते हुए पारी में 7 छक्के और 9 चौके जड़े. 

गेंदबाजी में छाए खिलन और दिपेश

बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने टीम इंडिया के लिए मोर्चा संभाला और स्कॉटलैंड को महज 112 रन ही बनाने दिए. बारिश से बाधित इस मुकाबले में स्कॉटलैंड के बल्लेबाजों के सामने 24 ओवरों में 234 रनों का लक्ष्य था. टीम इंडिया के लिए खिलन पटेल ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में महज 4 रन खर्च करते हुए 1 की इकॉनमी से 3 विकेट अपने नाम किए. दीपेश देवेंद्रन ने उनका भरपूर साथ दिया और 4 ओवर की गेंदबाजी में 14 रन खर्च करते हुए 3 विकेट हासिल किए. 

ये भी पढ़िए- IND vs NZ: किस पिच पर होगा पहला वनडे मैच? जानें कब, कहां और किस चैनल पर देख पाएंगे लाइव टेलीकास्ट