IND U19 vs USA U19

IND U19 vs USA U19: भारत ने शानदार जीत के साथ किया वर्ल्ड कप का आगाज, हेनिल पटेल ने गेंद से लूटी महफिल

IND U19 vs USA U19, Vaibhav Suryavanshi: आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज शानदार जीत के साथ किया है. भारत ने गुरुवार को टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में यूएसए को 6 विकेट से हराया. बुलवायो में खेले गए बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में भारतीय टीम ने यूएसए की टीम को सिर्फ 107 रन पर समेट दिया.

इसके बाद DLS मेथड के तहत जीत के लिए मिले 99 रन के छोटे से लक्ष्य को आसानी से हासिल कर मैच जीत लिया. भारत की इस जीत के हीरो हेनिल पटेल रहे, जिन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से 5 विकेट अपने नाम किए. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.

हेनिल पटेल के आगे USA की टीम पस्त

बुलवायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो टीम के लिए सही साबित भी हुआ. भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूएसए की टीम को सिर्फ 107 रनों पर ही ऑलआउट कर दिया. यूएसए की ओर से नितीश सुदिनी ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए, जबकि अदनीत झाम्ब ने 18, साहिल गर्ग और अर्जुन महेश ने 16-16 रन जोड़े.

इनके अलावा, टीम को कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका. वहीं, भारत के लिए हेनिल पटेल ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 5 विकेट झटके और अमेरिकी टीम की कमर तोड़ दी. हेनिल की घातक गेंदबाजी के आगे कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका. उनके अलावा, दीपेश देवेंद्रन, आरएस अंबरीश, खिलान पटेल और वैभव सूर्यवंशी ने 1-1 विकेट हासिल किए.

अभिज्ञान कुंडू ने छक्का लगाकर जीताया मैच

भारत को जीत के लिए 108 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन जब दूसरी पारी में 4 ओवर का खेल होने के बाद बारिश ने खलल डाला, जिसके कारण काफी देर तक मैच रोका गया. वहीं, मैच दोबारा शुरू हुआ तो इस मुकाबले को 37 ओवर का कर दिया गया और भारत को डकवर्थ-लुईस नियम (DLS) के आधार पर जीत के लिए 96 रन का टारगेट मिला. भारतीय टीम ने 17.2 ओवर में 4 विकेट पर 99 रन बनाकर मैच 6 विकेट से अपने नाम कर लिया.

हालांकि, इस मैच में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चला और वह सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं, कप्तान आयुष म्हात्रे 19 रन और वेदांत त्रिवेदी 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. भारत ने सिर्फ 25 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद विहान मलहोत्रा भी 18 रन बनाकर चलते बने. हालांकि, अभिज्ञान कुंडू ने पारी को संभाला और नाबाद 42 रनों की पारी. उन्होंने छक्का लगाकर भारत को जीत दिला दी. उनके साथ कनिष्क चौहान 10 रन बनाकर नाबाद रहे.

ये भी पढ़ें- खिलाड़ियों की बगावत के बाद बांग्लादेश प्रीमियर लीग हुई सस्पेंड, जानें पूरा मामला