India vs New Zealand 1st T20I

IND vs NZ: नागपुर में टीम इंडिया ने दर्ज की शानदार जीत, अभिषेक शर्मा ने बल्ले से लूटी महफिल

India vs New Zealand 1st T20I: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने 48 रनों से शानदार जीत दर्ज की. नागपुर में खेले गए इस मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 239 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में कीवी टीम 190 रन ही बना सकी. भारत की इस जीत के हीरो अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने सिर्फ 35 गेंदों पर 84 रनों की धमाकेदार पारी खेली. इस जीत के साथ ही भारत ने इस 5 मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है.

अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी

इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. इसके बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम ने सिर्फ 27 रन पर दो विकेट गंवा दिए. पारी का आगाज करने उतरे संजू सैमसन सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए और इसके बाद नंबर-3 पर बैटिंग करने उतरे ईशान किशन भी कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 8 रन बनाकर चलते बने. हालांकि, अभिषेक शर्मा एक छोर पर टिके रहे और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला. दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 99 रनों की शानदार साझेदारी की. सूर्या 32 गेंदों पर 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

वहीं, अभिषेक ने कीवी गेंदबाजों की जमकर खबर ली और सिर्फ 22 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया. उन्होंने 35 गेंदों में 5 चौके और 8 छक्कों के साथ 84 रनों की तूफानी पारी खेली. आखिर में हार्दिक पांड्या ने 16 गेंदों में 25 रन और रिंकू सिंह ने 20 गेंदों पर नाबाद 44 रनों की तेज पारी खेलकर भारत का स्कोर 20 ओवर में 7 विकेट पर 238 रन पहुंचा दिया. यह टी20I में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. वहीं, न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी और काइल जैमीसन ने 2-2 विकेट अपने नाम किए.

वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने झटके 2-2 विकेट

239 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 1 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए. ओपनर डेवॉन कॉन्वे 2 गेंदों में बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि टिम रॉबिनसन ने 15 गेंदों पर 21 रन बनाए. इसके बाद नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे रचिन रवींद्र सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. हालांकि इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड की पारी को संभाला और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 78 रन की शानदार पारी खेली.

फिलिप्स के अलावा, मार्क चैपमैन ने भी अच्छी कोशिश की और 24 गेंदों में 39 रन बनाए. लेकिन टीम के बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं और न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर सिर्फ 190 रन ही बना सकी. वहीं, भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट चटकाए. जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता मिली.

ये भी पढ़ें- 8 छक्के-5 चौके… अभिषेक शर्मा ने मचाया कोहराम, तूफानी अर्धशतक ठोक लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, युवराज-विराट भी छूटे पीछे