IND vs NZ 1st T20I

IND vs NZ: ईशान-रिंकू IN, श्रेयस और कुलदीप OUT, पहले T20I मैच की प्लेइंग XI में इन खिलाड़ियों को मिली जगह

IND vs NZ 1st T20I Playing XI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. वहीं, इस मैच के लिए भारत की प्लेइंग XI में स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की 2 साल बाद वापसी हुई है. वहीं, श्रेयस अय्यर, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई और कुलदीप यादव को इस मैच से बाहर रखा गया है.

टॉस के बाद क्या बोले कप्तान सूर्यकुमार यादव?

नागपुर में खेले जा रहे पहले टी20 मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. इसके बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वह भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे. सूर्या ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करना चाहते थे क्योंकि हमारी प्रैक्टिस के दौरान करीब 8:30 बजे ओस देखने को मिली थी. लेकिन हमें पहले बल्लेबाजी करने से भी कोई दिक्कत नहीं है और हम पहले बैटिंग करते हुए अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं. श्रेयस, हर्षित, बिश्नोई और कुलदीप इस मैच में नहीं खेल रहे हैं.”

वहीं, कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे. पिच काफी अच्छी लग रही है और यहां हाई-स्कोरिंग मैच होने की उम्मीद है. पिछला हफ्ता हमारे लिए काफी खास रहा. हर टीम जानती है कि भारत आकर जीतना कितना मुश्किल होता है, लेकिन यह एक नई सीरीज है और भारत अपनी घरेलू परिस्थितियों में बेहद मजबूत टीम है. वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से यह हमारे लिए शानदार शुरुआत है. हम तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतर रहे हैं. क्लार्क इस मैच से डेब्यू कर रहे हैं, जबकि जैमीसन और डफी भी प्लेइंग XI में हैं.”

2 साल बाद ईशान किशन की हुई वापसी

भारतीय स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की 2 साल बाद प्लेइंग XI में वापसी हुई है. ईशान नवंबर 2023 के बाद पहली बार टीम इंडिया की जर्सी में खेलते हुए नजर आएंगे. ईशान ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा है. ईशान ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में एक धमाकेदार शतक के साथ 500 से ज्यादा रन कूट थे और अपनी कप्तानी में झारखंड को चैंपियन बनाया.

अब ईशान न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखना चाहेंगे. साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने वाले ईशान अब तक भारत के लिए 32 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 25.67 की औसत और 124.37 के स्ट्राइक रेट से 796 रन बनाए हैं.

IND vs NZ 1st T20I: दोनों टीमों की प्लेइंग XI

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह.

न्यूजीलैंड: टिम रॉबिन्सन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिशेल, मिशेल सैंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी, जैकब डफी.

ये भी पढ़े-ं IPL 2026 Schedule: RCB और राजस्थान रॉयल्स के होम ग्राउंड पर संकट! BCCI ने दिया अल्टीमेटम