IND vs NZ 2nd ODI Playing XI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. वहीं, इस मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI में एक बड़ा बदलाव हुआ है. टीम के स्टार ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह नितीश कुमार रेड्डी को प्लेइंग XI में शामिल किया गया है. वहीं, न्यूजीलैंड ने भी अपनी प्लेइंग XI में एक बदलाव किया है और बाएं हाथ के स्पिनर जेडन लेनोक्स को इंटरनेशनल डेब्यू का मौका दिया है
टीम इंडिया की प्लेइंग XI में हुई नीतीश रेड्डी की एंट्री
राजकोट में खेले जा रहे न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया गया है. टॉस के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि पहले मुकाबले में चोटिल हुए वाशिंगटन सुंदर इस पूरे सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह इस मैच में नीतीश रेड्डी को मौका दिया गया है. रेड्डी की लंबे समय बाद टीम की प्लेइंग XI में वापसी हुई है. उन्होंने अपना आखिरी वनडे साल 2025 के अंत में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान खेला था. ऐसे में इस मैच में उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी.
जेडन लेनोक्स को मिला डेब्यू का मौका
न्यूजीलैंड ने भी भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है. पहले मैच में खेलने वाले लेग स्पिनर आदित्य अशोक की जगह इस बार जेडन लेनोक्स को इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू करने का मौका दिया गया है. 31 साल के जेडन लेनोक्स का लिस्ट-ए क्रिकेट में अच्छा खासा अनुभव है. उन्होंने अब तक 54 मुकाबले खेले हैं और 31.63 की औसत से 69 विकेट अपने नाम किए हैं. इतना ही नहीं, लेनोक्स निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए अहम रन भी जोड़ सकते हैं.
IND vs NZ 2nd ODI: दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, डैरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल हे (विकेटकीपर), माइकल ब्रैसवेल (कप्तान), ज़ाकरी फाउल्क्स, जेडन लेनोक्स, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन.

