India vs New Zealand 2nd T20I

IND vs NZ: दूसरे टी20I मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI में हुए दो बड़े बदलाव, अक्षर-बुमराह आउट, इन 2 खिलाड़ियों की हुई एंट्री

India vs New Zealand 2nd T20I Playing XI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. इस मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI में दो बड़े बदलाव किए गए हैं. चोटिल अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह को इस मैच से बाहर रखा गया है. उनकी जगह कुलदीप यादव और हर्षित राणा को प्लेइंग XI में शामिल किया गया है. वहीं, न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI में 3 बदलाव किए गए हैं.

कुलदीप यादव और हर्षित राणा को मिला मौका

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इस मैच के लिए भारत की प्लेइंग XI में दो बदलाव किए गए हैं. अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह की जगह कुलदीप यादव और हर्षित राणा को प्लेइंग XI में शामिल किया गया. नागपुर में खेले गए पहले टी20 मैच के दौरान अक्षर को हाथ में चोट लग गई थी, जिसके कारण वह अपने पूरे ओवर भी नहीं डाल पाए थे.

इसी चोट की वजह अक्षर दूसरे टी20 मैच से बाहर हो गए हैं, जबकि बुमराह को इस मैच से आराम दिया गया है. बुमराह ने पहले टी20 मैच में 3 ओवर गेंदबाजी की थी, लेकिन 29 रन खर्च करके भी वह कोई विकेट नहीं ले सके थे. वहीं, न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI में 3 बदलाव किए गए हैं. दूसरे टी20 मैच के लिए साइफर्ट, जैकरी फाउल्क्स और मैट हेनरी को प्लेइंग XI में शामिल किया गया है.

टॉस के बाद क्या बोले कप्तान सूर्या?

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और कहा, “यहां थोड़ी ओस है और हाल ही में हमने चेज नहीं किया है, इसलिए इस बार हम चेज करना चाहते हैं. मुझे लगता है कि पिच अच्छी लग रही है. यह वही विकेट है जो ODI सीरीज में इस्तेमाल हुआ था. हम हर मैच खेलते हैं और हर बार अपने हर पहलू में सुधार करने की कोशिश करते हैं, लेकिन हम कभी परफेक्ट नहीं होते, हमेशा कुछ न कुछ सीखते रहते हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “टीम में दो बदलाव हैं अक्षर पटेल पिछले मैच में चोटिल होने की वजह से बाहर हैं और बुमराह आज आराम कर रहे हैं. उनकी जगह हर्षित और कुलदीप टीम में आए हैं.”

IND vs NZ 2nd T20I: दोनों टीमों की प्लेइंग XI

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती.

न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिशेल, मिशेल सैंटनर (कप्तान), ज़ाकरी फाउल्क्स, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, जैकब डफी.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20I सीरीज के लिए किया टीम का ऐलान, बाबर आजम और शाहीन अफरीदी की हुई वापसी