IND vs NZ 2nd T20I, Team India Playing XI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानी 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा. नागपुर में खेले गए पहले टी20 मैच में भारत ने 48 रनों से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. अब टीम इंडिया की नजरें दूसरे मैच में इस बढ़त को 2-0 करने पर होगी, जबकि न्यूजीलैंड की टीम सीरीज में वापसी करना चाहेगी.
हालांकि, दूसरे टी20 मैच के लिए भारत की प्लेइंग XI में बदलाव देखने को मिल सकता है. टीम के स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल चोट की वजह से इस मैच से बाहर हो सकते हैं. अक्षर को पहले टी20 के दौरान हाथ में चोट लग गई थी और इसी कारण वह अपने पूरे ओवर भी नहीं डाल पाए थे. ऐसे में अब उनका दूसरे मैच में खेलना मुश्किल लग रहा है.
अक्षर पटेल को कैसी लगी चोट?
दरअसल, नागपुर में खेले गए पहले टी20 मैच में न्यूजीलैंड की पारी का 16वां ओवर अक्षर पटेल डाल रहे थे. ओवर की पहली दो गेंदों में उन्होंने सिर्फ तीन रन दिए थे. उस वक्त स्ट्राइक पर डेरिल मिचेल थे. मिचेल ने एक जोरदार शॉट खेला, जिसे रोकने के लिए अक्षर ने हाथ बढ़ाया. लेकिन गेंद अक्षर को चोटिल कर चली गई और उनके हाथ से हल्का खून भी निकलता दिखा.
इसके बाद फिजियो तुरंत मैदान पर आए और अक्षर को मैदान से बाहर जाना पड़ा. ओवर की बाकी गेंदें अभिषेक शर्मा ने डालीं और अक्षर फिर मैदान पर नहीं लौटे. ऐसे में अब अक्षर का दूसरे टी20 मैच में खेलने पर संशय बना हुआ है. अब सवाल यह है कि अगर अक्षर बाहर होते हैं, तो उनकी जगह किसे प्लेइंग XI में शामिल किया जाएगा.
इस खिलाड़ी को मिल सकता है मौका
अगर अक्षर पटेल दूसरे टी20 मैच से बाहर होते हैं, तो उनकी जगह लेग स्पिनर कुलदीप यादव को भारतीय प्लेइंग XI में शामिल किया जा सकता है. कुलदीप उनके रिप्लेसमेंट के सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं. हालांकि, उनके आने से टीम की बैटिंग डेप्थ थोड़ी कमजोर हो सकती है, क्योंकि कुलदीप अक्षर की तरह बल्ले से योगदान नहीं दे सकते हैं.
ऐसे में कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव अक्षर की जगह हर्षित राणा को मौका दे सकते हैं. लेकिन एक स्पिनर की जगह तेज गेंदबाज को प्लेइंग XI में शामिल करना का फैसला रायपुर की पिच पर निर्भर करेगा. इसके अलावा, भारत की प्लेइंग XI में कोई और बदलाव होने की संभावना नहीं है.
IND vs NZ: दूसरे टी20I मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, कुलदीप यादव/अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह.

